ऑपरेशन सिंदूर का हीरो था राफेल, एयरफोर्स के वाइस-चीफ का बड़ा बयान

Untitled-1-copy-194

नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पूरी दुनिया को दिखाया था कि भारत अपने दुश्मनों को तबाह करने के लिए कही भी जा सकता है. इस ऑपरेशन में भारत ने पाकिस्तान सीमा के पीछे बने कई आतंकी ठिकानों को तबाह किया और सैकड़ों आतंकियों को मार गिराया था. इस ऑपरेशन के बाद से भारतीय सेना प्रशंसा पूरी दुनिया में हो रही है.

भारतीय वायुसेना के वाइस चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने इस ऑपरेशन के हीरो के बारे में बताया है. उन्होंने मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “राफेल ऑपरेशन सिंदूर का हीरो था, कई अन्य हीरो के साथ.” नागेश कपूर का ये बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि पाकिस्तान बार-बार दावा कर रहा है कि उसने भारत के राफेल गिराए हैं. एयर मार्शल ने ये भी माना की राफेल के अलावा इस ऑपरेशन में कई और हीरो थे.

प्रेस ब्रीफ में ये भी बताया गया कि भारतीय वायुसेना (IAF) 27 फरवरी 2026 को राजस्थान के पोखरण फायरिंग रेंज में मेगा एक्सरसाइज वायु शक्ति 2026 का आयोजन करेगी। इस युद्धाभ्यास का मकसद देश को वायुसेना की ताकत दिखाना, युद्ध की तैयारी का प्रदर्शन करना और युवाओं को एयरफोर्स से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है.

इस दौरान वायुशक्ति में राफेल, तेजस हिस्सा लेंगे और ऑपरेशन सिंदूर में वायुसेना की सफल भूमिका की झलक पेश करेंगे. वायुसेना अधिकारी ने बताया कि लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और परिवहन विमान सहित 120 से अधिक विमान इस अभ्यास में भाग लेंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल 24 फरवरी को होगा, जबकि 28 फरवरी को स्टैंड-बाय डेट रखी गई है. यह कार्यक्रम शाम 5:10 बजे से रात 7:45 बजे तक चलेगा, जिसमें दिन, शाम और रात तीनों परिस्थितियों में ऑपरेशन दिखाए जाएंगे.

वाइस चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने ये भी बताया कि भारतीय वायुसेना अपने बेड़े में MRFA (मल्टी रोल फ़ाइटर एयरक्राफ्ट) शामिल करना चाहती है. यह विमान राफेल हो सकता है या कोई और इस पर विचार-विमर्श जारी है, और कोई पक्का फैसला नहीं हुआ है. इस बीच सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्रालय MRFA प्रोग्राम के तहत 114 फ्रांस में बने राफेल जेट खरीदने के 3.25 लाख करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दे सकता है. यह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे से कुछ ही दिन पहले होगा, जिससे इस डील को नई गति मिलेगी.