उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दी शुभकामनाएं

President-Droupadi-Murmu-Dainik-Jagran--1763794705143

उत्तर प्रदेश शनिवार को उत्साह और गर्व के साथ अपना स्थापना दिवस मना रहा है। 24 जनवरी 1950 को ‘यूनाइटेड प्रोविंस’ का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया था। तभी से हर वर्ष यह दिन प्रदेश के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ: राष्ट्रपति मुर्मु

राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी संदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लिखा, “उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को मेरी शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ रही है। मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। मैं इस राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।”

केशव प्रसाद मौर्य ने विरासत और प्रगति पर दिया जोर

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्थापना दिवस पर लिखा, “मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी, लीलाधर भगवान श्रीकृष्ण जी की जन्मभूमि एवं देवाधिदेव महादेव की पावन धरा उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। उत्तर प्रदेश वह भूमि है, जहां परंपरा और प्रगति साथ-साथ चलती हैं।”

‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत’ का संकल्प

केशव प्रसाद मौर्य ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई गति दे रही है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत’ के संकल्प के साथ प्रदेश को समृद्ध, आत्मनिर्भर और अवसरों से परिपूर्ण बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

राजेश्वर सिंह ने बताया ‘नया उत्तर प्रदेश’

सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा, “नया उत्तर प्रदेश, सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध। काशी की दिव्यता, प्रयाग की आध्यात्मिकता, अयोध्या की मर्यादा और मथुरा की माधुर्य परंपरा से सिंचित उत्तर प्रदेश केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का जीवंत स्वरूप है।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल

राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, एयरपोर्ट, मेट्रो विस्तार, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, स्टार्टअप संस्कृति और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।