पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री से टेलीफोन पर बातचीत की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान, दोनों नेताओं ने सितंबर 2025 में वाराणसी में अपनी पिछली मुलाकात के बाद से व्यापक द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की, जिसमें विकास साझेदारी, क्षमता निर्माण और जन-केंद्रित संबंधों को और मजबूत करने पर ज़ोर दिया गया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। पीएमओ के मुताबिक, उन्होंने दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए भारत और मॉरीशस के बीच समृद्ध रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी साझी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने विजन महासागर, भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और ग्लोबल साउथ के प्रति साझी प्रतिबद्धता के अनुरूप मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं के लिए भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया।

दोनों नेताओं ने हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता के साझा उद्देश्यों को हासिल करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। बातचीत के दौरान, पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री से कहा कि वह अगले सप्ताह एआई इम्पैक्ट समिट के लिए दिल्ली में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।

