PM मोदी के जन्मदिन पर दलाईलामा का खास संदेश, 76वें जन्मदिन पर की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना
धर्मशाला: तिब्बती आध्यात्मिक धर्मगुरु 14वें दलाईलामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री को भेजे विशेष पत्र में दलाईलामा ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, लंबी उम्र और राष्ट्र सेवा में लगातार सफलता की कामना की। अपने संदेश में उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत और प्रभाव का भी उल्लेख किया।
मजबूत भारत को वैश्विक शांति से जोड़ा
दलाईलामा ने अपने संदेश में कहा कि भारत आज एक आत्मविश्वासी और मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि सशक्त भारत की प्रगति का लाभ केवल देश के नागरिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे वैश्विक शांति, स्थिरता और दुनिया के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान हो रहा है।
खुद को बताया भारत का गौरवान्वित संदेशवाहक
दलाईलामा ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए खुद को भारत का गौरवान्वित संदेशवाहक बताया। उन्होंने कहा कि वह दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का संदेश पहुंचाते हैं। इसमें विशेष रूप से अहिंसा, करुणा, शांति और सद्भाव जैसे मूल्यों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्व मंच पर वह भारत के इन्हीं उच्च आदर्शों का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
67 वर्षों से मिल रहे आतिथ्य के लिए जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी को भेजे संदेश में दलाईलामा ने तिब्बती समुदाय को शरण देने के लिए भारत सरकार और देश की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि 67 वर्षों से अधिक समय से भारत ने उन्हें और हजारों तिब्बती शरणार्थियों को जिस प्यार और उदार आतिथ्य के साथ अपनाया है, उसके लिए वह हमेशा ऋणी रहेंगे।





