PM आवास योजना-शहरी 2.0 में तेजी के निर्देश, पात्र परिवारों को समय पर मिलेगा पक्का घर
Lucknow : लखनऊ में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 की प्रगति को लेकर समीक्षा की गई। नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के चयन से लेकर उनके आवास के निर्माण तक पूरी प्रक्रिया को प्रभावी और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के जरिए अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता और तेजी के साथ काम करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवास सुविधा से वंचित न रह जाए।
लाभार्थियों के चयन से निर्माण तक प्रक्रिया पर नजर
मंत्री ने कहा कि योजना को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर कार्यों की निगरानी और समयबद्धता जरूरी है। पात्र परिवारों की पहचान और चयन के बाद आवास निर्माण की प्रक्रिया में किसी तरह की अनावश्यक बाधा या देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ केवल उन्हीं परिवारों तक पहुंचे, जो वास्तव में इसके पात्र हैं। सरकार का लक्ष्य जरूरतमंद शहरी परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा देकर उन्हें सम्मानजनक जीवन का अवसर उपलब्ध कराना है।
यूपी लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में सम्मानित किया गया है। सोमवार को मिली इस उपलब्धि पर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में सम्मानित होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इस उपलब्धि में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
लाखों परिवारों के पक्के घर का सपना हुआ साकार
ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी ने प्रदेश के लाखों परिवारों के अपने पक्के घर के सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार की प्राथमिकता है कि शहरों में रहने वाले पात्र और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवास सुविधा मिले और वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के साथ विभाग लगातार योजना के क्रियान्वयन को प्रभावी बनाने में जुटा है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव अनुज कुमार झा, सूडा के निदेशक महेंद्र बहादुर सिंह, विशेष सचिव प्रवीण लक्ष्यकार समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





