T20 World Cup 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबला खेलेगा पाकिस्तान? पूर्व PCB चेयरमैन ने रखी ये शर्त

Pakistan-Team-1770229810439_v

नई दिल्ली। भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले मुकाबले को लेकर पाकिस्तान ने बायकॉट करने का फैसला किया है। पाकिस्तानी सरकार ने बांग्लादेश का समर्थन करने के लिए ऐसा कदम उठाया है। भारत-पाकिस्तान का ये मैच श्रीलंका के कोलंबों में 15 फरवरी को होना और पाकिस्तान ने इस मुकाबले में नहीं खेलने का फैसला किया है। ऐसे में अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के पूर्व चेयरमैन नजम सेठी ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है।

सेठी का मानना है कि पाकिस्तान के द्वारा लिए गए फैसले को अभी भी सुधारा जा सकता है और पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच खेल सकता है। बता दें कि बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। बांग्लादेश की जगह आईसीसी ने टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। पाकिस्तान इसे गलत बता रहा है और इसी वजह से भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया है।

नजम सेठी ने बताया समाधान

पीसीबी के पूर्व चेयरमैन ने इंडिया टुडे से बात करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, “बांग्लादेश को श्रीलंका में खेलने के लिए बुलाया जा सकता है और मुझे ऐसा लगता है कि इसमें अधिक देर नहीं हुई है। वहां पर कई मैच खेले जा रहे हैं। बांग्लादेश अगर अब भाग लेने से इनकार करता है, तो उन्हें किसी भी तरह से मनाना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि समझदारी से काम लिया जाएगा क्योंकि हर कोई भारत-पाकिस्तान का मैच देखना चाहता है।”

सेठी ने आगे कहा, “उन्होंने देश के तमाम लोगों से बात की है और उससे मुझे पता चला है कि भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया गया है। सभी इस फैसले से संतुष्ट हैं। सबसे बड़ी समस्या बीसीसीआई के रवैये में हैं। बीसीसीआई लगातार अन्य बोर्ड को धमका रहा है। पहले पाकिस्तान अलग-थलग था और कोई भी हमारे साथ नहीं था। हालांकि, ये स्थति अब बदल रही है।”

श्रीलंका जाएगी टीम इंडिया

पाकिस्तान ने भले ही भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है लेकिन टीम इंडिया इसके बावजूद श्रीलंका के कोलंबो जाएगी। आईसीसी के नियम के मुताबिक भारत को 2 अंक ऐसी ही स्थिति में मिलेंगे, जब वे मैदान में खेलने के लिए आएंगे और पाकिस्तान की टीम मैच खेलने से इनकार कर देगी।