नोरा फतेही का सरप्राइज़ विजिट: ‘डांस विद नोरा’ अकादमी खोलने का सपना हुआ साझा

मुंबई। ग्लोबल स्टार और परफॉर्मर नोरा फतेही ने इस हफ्ते अपने फैंस को एक यादगार तोहफ़ा दिया। ‘ओह मामा! टेटेमा’ सिंगर नोरा अचानक मुंबई के कई डांस स्टूडियोज़ में पहुँचीं और वहाँ मौजूद डांसर्स को उनके लेटेस्ट कोरियोग्राफी पर डांस करते देखकर भावुक हो गईं। उनकी इस अप्रत्याशित मौजूदगी ने साधारण वर्कशॉप को एक जादुई अनुभव में बदल दिया। फैंस के प्यार और उनकी कहानियाँ सुनकर नोरा ने पहली बार यह खुलासा किया कि वह अपनी खुद की ‘डांस विद नोरा’ अकादमी शुरू करना चाहती हैं। सोशल मीडिया पर इस अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने लिखा—

“यह मुझे जल्द से जल्द अपनी ‘डांस विद नोरा’ अकादमी शुरू करने के लिए प्रेरित कर रहा है। आप सभी का इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया! आप सब से मिलकर मैं खुद को सबसे भाग्यशाली महसूस कर रही हूँ।”

नोरा के सरप्राइज़ विजिट के दौरान स्टूडियो का माहौल भावनाओं से भर गया। कुछ फैंस की आँखों में आँसू थे तो कुछ की मुस्कान में खुशी छलक रही थी। लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उनकी फेवरेट स्टार उनके साथ स्टूडियो में डांस कर रही हैं।
विशेष बात यह रही कि नोरा ने सिर्फ हाथ हिलाकर या सेल्फी देकर ही अपने फैंस को खुश नहीं किया, बल्कि खुद डांस वर्कशॉप्स में हिस्सा लिया। बच्चों और युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर डांस किया और उनके व्यक्तिगत अनुभव भी सुने। यही जुड़ाव उन्हें औरों से अलग करता है।

नोरा का ‘डांस विद नोरा’ कैंपेन पहले ही बच्चों और युवाओं को अपनी कला दिखाने का मंच दे चुका है। वह न सिर्फ उनकी वीडियोज़ को रीपोस्ट करके उन्हें प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि मौके पर पहुँचकर उनकी मेहनत को सराहती भी हैं।
जहाँ एक ओर उनकी गाने ‘ओह मामा! टेटेमा’ की धूम दुनिया भर में मची हुई है और आने वाली फ़िल्म ‘कंचना 4’ से उनका करियर और बुलंदियों पर पहुँचने वाला है, वहीं मुंबई के वे स्टूडियो और वहाँ मौजूद फैंस के लिए असली जादू उनकी सादगी और अपनापन रहा।
नोरा फतेही एक ग्लोबल आइकन होते हुए भी ज़मीन से जुड़ी रहती हैं। उनके लिए स्टारडम का मतलब सिर्फ रोशनी और कैमरे नहीं, बल्कि उन फैंस के साथ जुड़ाव भी है, जिन्होंने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया। शायद यही वजह है कि जब वो कहती हैं—“High Energy, High Love, यही है Dance with Nora”—तो उनके चाहने वालों के दिलों में यह बात गहराई से उतर जाती है।
