आज 10वीं बार CM पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार, ये विधायक बनेंगे मंत्री; समारोह में शामिल होंगे PM मोदी

nitish-kumar-2-585x390

पटना: मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार गुरुवार को सुबह 11.30 बजे गांधी मैदान में शपथ लेंगे। यह उनका मुख्यमंत्री के रूप में 10वां कार्यकाल होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पटना पहुंचेंगे। इसके साथ ही, कई एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस समारोह में उपस्थित होंगे। गांधी मैदान पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम हाल के कुछ सालों में सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में से एक माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, समारोह में देश के गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस भी उपस्थित रहेंगे।

ये हैं संभावित मंत्रियों की लिस्ट
वहीं, मंत्री पद की शपथ के लिए अशोक चौधरी, रामकृपाल यादव, संजय टाइगर, दीपक प्रकाश को फोन आ चुका है। जेडीयू कोटे के मंत्रियों की संभावित लिस्ट में श्रवण कुमार, विजेंद्र यादव, जमा खान और मदन सहनी शामिल है। वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का नाम भी शामिल है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कोटे से दीपक प्रकाश मंत्री बनेंगे। बिहार की नई नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा मंगल पाण्डेय और नितिन नवीन ही ऐसे नाम हैं, जो पिछली सरकार में भी मंत्री रहे थे। सरकार में बीजेपी की महिला मंत्री भी होंगी। श्रेयसी सिंह और रमा निषाद मंत्री पद की शपथ लेंगी। जेडीयू के कोटे से आठ, एलजेपीआर, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक मंत्री बनेंगे।

कार्यक्रम में तीन लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, निगरानी कैमरे लगाए गए हैं और आपातकालीन चिकित्सा इकाइयों को स्टैंडबाय पर रखा गया है, ताकि समारोह के सुचारू रूप से आयोजन को सुनिश्चित किया जा सके। बुधवार को, नीतीश कुमार ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को निवर्तमान मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे।

एक नज़र