UP Rain: यूपी में मानसून फिर सक्रिय, कल से होगी भारी बारिश; मौसम विभाग की भविष्यवाणी
UP Rain: यूपी में पश्चिमी विक्षोभ और लगातार बन रहे परिसंचरणों ने उत्तर प्रदेश में मानसून को फिर सक्रिय कर दिया है। प्रदेश के आसपास के राज्यों में रेड अलर्ट का असर भी मंगलवार को प्रदेश में पड़ सकता है। बुधवार और गुरुवार को सूबे में ऑरेंज अलर्ट घोषित कर दिया गया है। 15 अगस्त को भी पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश हो सकती है।
प्रदेश में कमजोर पड़ रहे मानसून को बने कम दबाव के क्षेत्र ने एक बार फिर गति दे दी है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से बादलों के बनने की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश के उत्तर पूर्वी और पश्चिमी राज्यों में फिर से तूफानी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है। इससे सटे राज्यों पर भी इसका असर जरूर दिखाई देगा। सोमवार को दिन भर घने बादल छाए रहे। प्रदेश में मध्य की पतली पट्टी को छोड़ शेष में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश हुई। कानपुर में सुबह 08:30 बजे तक सीएसए में 0.2 और एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सायंकाल शहर में पॉकेट रेन रही। विभिन्न क्षेत्रों से मिले आंकड़ों के अनुसार कानपुर में सायंकाल काकादेव में 08.3, नौबस्ता में 06.9, सिविल लाइंस में 03.2 और कंपनी बाग में 04.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसने उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकी। दिन के तापमान में भी कमी आई।
अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम पारा 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में यलो अलर्ट रहेगी। बुधवार और गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट रहेगी। शुक्रवार से रविवार तक बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। बारिश का यह दौर फिलहाल जारी रहेगा। मौसम विज्ञानी डॉ. नौशाद अहमद खान ने बताया कि पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिर से सक्रिय हो गई हैं। कानपुर में भी बारिश की अच्छी संभावनाएं दिख रही हैं। 13 और 14 अगस्त को आईएमडी ने यूपी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

स्वतंत्रता दिवस पर बरस सकते हैं बादल
ताजनगरी आगरा पर मौसम अभी मेहरबान चल रहा है। बादलों की आवाजाही हो रही है। बूंदाबांदी भी हर रोज ही देखी जा रही है। इसलिए तापमान भी सधा हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर भी बादल भिगो सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 13 अगस्त तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिन में एक या अधिक बार हल्की हवाओं के साथ छिटपुट बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। जबकि 14 अगस्त से भारी बारिश के आसार हैं। यही हाल स्वतंत्रता दिवस पर रह सकता है। यानि दो दिन मौसम का मिजाज बेहतर रहेगा।
इधर, सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही और छिट-पुट बारिश के बीच तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक होकर 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 92 दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बीते 24 घंटों में शहर में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है।

