ब्रिटेन में किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार : एपस्टीन फाइल्स मामले में हुआ एक्शन

1-75-1771500861-793153-khaskhabar

एपस्टीन मामले में नाम आने के बाद दुनिया में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है. ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स के छोटे भाई पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. BBC के मुताबिक, गुरुवार को ब्रिटेन की स्पेशल पुलिस ने पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित वुड फार्म से एंड्रयू को गिरफ्तार किया. एंड्र्यू को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस के आठ जवान सादे कपड़े में पहुंचे थे. आज ही एंड्र्यू 66 साल के हुए हैं. एंड्रयू की गिरफ्तारी क्यों हुई? एंड्रयू पर यौन उत्पीड़न के अपराधी रहे जेफ्री एपस्टीन को सरकारी दस्तावेज देने का आरोप है. पुलिस इसी मामले की जांच कर रही है. पुलिस एंड्रयू के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कौन-कौन से गोपनीय दस्तावेज एपस्टीन को दिए गए थे? हालांकि वह लगातार आरोपों को खारिज करते रहे हैं. इन्हीं आरोपों के चलते एंड्रयू ने अक्टूबर 2025 में ड्यूक ऑफ यॉर्क का टाइटल छोड़ने का ऐलान किया था. यह ब्रिटिश राजशाही की सबसे प्रतिष्ठित उपाधियों में से एक है.

गिरफ्तारी पर पुलिस का आधिकारिक बयान
थेम्स वैली पुलिस ने बताया है कि जांच के दौरान आज (19 फरवरी) नॉरफॉक के रहने वाले करीब 66 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है. उस पर सार्वजनिक पद का गलत इस्तेमाल करने का शक है. पुलिस बर्कशायर और नॉरफॉक में कुछ जगहों पर तलाशी भी ले रही है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति अभी हिरासत में है. नियमों के तहत उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा. मामला फिलहाल जांच में है, इसलिए लोगों से अपील की गई है कि खबर प्रकाशित करते समय अदालत की अवमानना से बचें.