समस्त अपर नगर आयुक्त सहित जोनल अधिकारियों एवं अन्य को रोजाना फील्ड ओर बरकरार रहने के निर्देश

लखनऊ| दिनांक 30.09.2024 को नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार समिति हॉल मे हुई बैठक मे माननीया महापौर श्री सुषमा खर्कवाल तथा नगर आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह जी द्वारा नगर निगम के समस्त अधिकारियों एवं जोनों के सभी जिम्मेदार अफसरों के संग बैठक कर मुख्य रूप से अवैध अतिक्रमण व अन्य कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।बैठक में संबंधित अधिकारियों से अतिक्रमण अभियान की स्थिति को जाना गया, जिस पर सम्बन्धितों ने निम्न जानकारियां प्रस्तुत की:-

उक्त के क्रम में ज़ोन 01 अंतर्गत अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को सही ढंग से संपादित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।साथ ही ज़ोन के प्रभारी के साथ ही अपर नगर आयुक्त भी अपने समक्ष अवैध अतिक्रमण की कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने के निर्देश मा. महापौर ने दिए।ज़ोन के संबंधित अधिकारी ने बताया कि अभियान निरन्तर चलाया जा रहा है, अभियान हेतु पुलिस बल की उपलब्धता मिलते ही वृहद रूप से अभियान संपादित किये जाएगा।

ज़ोन 02 अंतर्गत अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर अभियान चलाए जाने की बात संबंधित अधिकारी ने कही।इसके अतिरिक्त प्रभावी क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाए जाने की बात कही गयी। साथ ही चिन्हित अतिक्रमण को त्वरित रूप से हटाने के निर्देश जारी किए गए।
ज़ोन 03 में सम्बन्धितों ने बताया कि आईजीआरएस या डाक के माध्यम से प्राप्त अतिक्रमण संबंधी शिकायतों को त्वरित रूप से निस्तारित कराया जा रहा है।अतिक्रमण अभियान का प्रभारी कर अधीक्षक श्री बनारसी दास को बनाया गया।
ज़ोन 04 अंतर्गत अनाधिकृत रूप से नॉन वेंडिंग ज़ोन में दुकान लगाए हुए ऐसे लोग जो अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे है, उन्हें शिफ्ट किये जाने की कार्यवही जारी है।साथ ही बनाये गए वेंडिंग ज़ोन या भविष्य के लिए बन रहे वेंडिंग जोनों में रेडी पटरी वालों को शिफ्ट किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
ज़ोन 05 अंतर्गत अभियान को रोस्टर के अनुसार चलाये जाने की बात कही गयी।साथ ही चारबाग में विशेष रूप से अभियान को संचालित करने के लिए आदेशित किया गया।
ज़ोन 06 अंतर्गत विगत 30 दिनों में 16 वृहद अभियानों को संपादित कर बुद्धेश्वर चौराहे को पूर्ण रूप से खाली कर दिए जाने की जानकारी सम्बन्धितों द्वारा दी गयी।साथ ही अन्य प्रभावी क्षेत्रों में अतिक्रमण को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाए जाने हेतु निर्देशित किया गया।

ज़ोन 07 के जिम्मेदारों ने जानकारी दी कि भूतनाथ मार्किट जोकि अव्यवस्थित थी उसे व्यवस्थित किया गया है।साथ ही मा. पार्षदों की सहायता लेते हुए नियमित अभियान संपादित किये जा रहे हैं।

ज़ोन 08 अंतर्गत 22 अव्यवस्थित वेंडिंग जोनों को व्यवस्थित कर लगभग 169000 शुल्क वसूल किये जाने की जानकारी जिम्मेदारों ने दी।साथ ही खजाना मार्किट में अतिक्रमण की शिकायतों का निस्तारण कराते हुए अतिक्रमण मुक्त कराया गया।वहीं नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है और शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।
तदक्रम में मा. महापौर ने आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जिनका विवरण निम्न है:-
महापौर महोदय द्वारा प्रस्तावित समस्त वेंडिंग जोनों को 15 से 20 दिनों के भीतर बनाकर तैयार करने के निर्देश जारी किए, अन्यथा की स्थिति में जवाबदेही जोनल अधिकरी की होगी।साथ ही अभियान हेतु व शिकायतों के निस्तारण हेतु समस्त संबंधित विभागों के अधिकरियों के साथ सामंजस्य स्थापित कर कार्य किये जाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त आगामी 15 दिवसों के भीतर मुख्य मार्गों के अलावा गलियों इत्यदि में साफ सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए गए, लापरवाही बरतने व कार्य अधूरा पाए जाने की दशा में सीधे जोनल अधिकारी के ऊपर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।साथ ही समस्त अपर नगर आयुक्त व जोनल अधिकारियों के साथ ही जेडएसओ व एसएफआई को भी निरन्तर फील्ड पर बने रहने के निर्देश दिए गए।
संचारी रोगों पर नियंत्रण हेतु नगर सास्थ्य अधिकारी को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।जिसके तहत नियमित फॉगिंग व साफ सफाई हेतु संयुक्त रूप से कार्य कराए जाने और लोगों को जागरूक करने इत्यादि कार्यों को विशेष रूप से संपादित किये जाने हेतु आदेशित किया गया।डेरियों यानी कि गाय भैसों को शहर के बाहर करने की ठोंस योजना तैयार किये जाने के निर्देश दिए गए, नियमों की अवहेलना करने वाले संचालकों पर कार्यवही किये जाने के निर्देश दिए गए।
साथ ही एक सप्ताह के अंदर पुराने व लंबे समय से ज़ोन में तैनात अभियंताओं का ज़ोन बदले जाने के निर्देश दिए गए।
उक्त जारी किए गए निर्देशों की समीक्षा करने हेतु जल्द ही एक ने बैठक मा. महापौर की अध्यक्षता में संपादित किये जाने के निर्देश नगर आयुक्त महोदय द्वारा दिये गए।