भारतीय युवा आज नौकरी देने वाला… दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव में गरजे सीएम योगी

download

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मथुरा के फरह स्थित दीनदयाल धाम पहुंचे। फरह में पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला लगाया जा रहा। यहां दो घंटे के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विराट युवा सम्मेलन को संबोधित किया। इसके अलावा बैठक और प्रकल्पों को लेकर भी मंथन-चिंतन किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव के अंतर्गत दीनदयाल धाम (फरह) में शुक्रवार को विराट युवा सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर संबोधित करते हुए कहा कि हमने 11 सालों में भारत को बदलते देखा। पिछली सरकारों के लोग, जो खुद को धर्मनिरपेक्ष कहते थे, अपनी सरकारों में भारत को विश्व शक्ति बनाने के लिए असंभव शब्द जोड़ देते थे। इस असंभव को पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संभव कर दिखाया है, जिन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के मंत्र को आत्मसात किया है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का स्वदेशी मॉडल अपनाने का सपना था। यह भी सपना पीएम मोदी ने साकार किया।

सीएम योगी ने कहा कि आज किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य मिल रहा है। लागत का डेढ़ गुना मूल्य देने का काम चल रहा है। श्रमिकों को उनकी सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ने का काम किया गया है। मिशन रोज़गार, स्टार्टअप और स्टैंडअप योजनाओं ने युवाओं का जीवन बदल दिया है। आज भारतीय युवा नौकरी चाहने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की क्षमता रखता है। हज़ारों बहनें रेडीमेड गारमेंट्स के ज़रिए आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा बन रही हैं। अगर हम स्वदेशी हैं, तो हम सशक्त और आत्मनिर्भर हैं।