इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 : मीडिया पंजीकरण शुरू, 8 फरवरी आवेदन करने की अंतिम तिथि

Feb-4

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 16-20 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में होने वाला है। सरकारें, उद्योगपति, शोधकर्ता, सिविल सोसाइटी संगठन और अंतर्राष्ट्रीय संस्थान समिट के एजेंडा को आकार देने में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें 100 से अधिक देशों की भागीदारी की उम्मीद है, जिसमें 15 से 20 राष्ट्राध्यक्ष, विभिन्न देशों के 50 से अधिक मंत्री और विश्‍व भर की तथा भारतीय कंपनियों के 40 से अधिक सीईओे शामिल हैं।

ग्लोबल एआई इकोसिस्टम के लगभग 500 प्रमुख व्‍यक्तियों, जिनमें नवोन्‍मेषक, शोधकर्ता और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी शामिल हैं, के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।

इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय के अनुसार, इसके अब तक आयोजित चार ग्लोबल एआई समिट में सबसे बड़ा होने की उम्मीद है, जो जिम्मेदार, समावेशी और प्रभाव-संचालित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आसपास बढ़ती अंतरराष्ट्रीय गति को दर्शाता है। समिट में 500 से अधिक एआई स्टार्टअप्‍स का स्टार्टअप शोकेस होगा और मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ लगभग 500 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे यह एआई पर केंद्रित सबसे व्यापक वैश्विक आयोजनों में से एक बन जाएगा।

समिट से पहले की भागीदारी का स्‍तर भी उतना ही महत्वपूर्ण रहा है। समिट से पहले के कार्यक्रमों के लिए 1,300 से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिसमें भारत के साथ-साथ विश्व स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों और सेक्‍टरों में अब तक 500 से अधिक प्री-समिट कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। समिट फ्रेमवर्क में सात प्रमुख कार्यक्रम भी शामिल हैं, जिनमें सामूहिक रूप से 3,00,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल हैं, जो एआई इम्पैक्ट समिट प्रक्रिया में व्यापक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय रुचि को दर्शाता है।

एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के बारे में अधिक जानकारी, इसकी आधिकारिक समिट वेबसाइट – https://impact.indiaai.gov.in/ पर उपलब्ध हैं। सरकार ने इच्छुक स्टेकहोल्डर्स से अनुरोध किया है कि वे वेबसाइट पर जाएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ज़िम्मेदार और प्रभावशाली उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वैश्विक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए रजिस्टर करें।

आपको बता दें, समिट के लिए मीडिया एक्रेडिटेशन आरंभ हो गया है। समिट की कार्यवाही को कवर करने के लिए केवल मान्यता प्राप्त मीडिया प्रतिनिधियों को ही अनुमति दी जाएगी। आवेदन https://impact.indiaai.gov.in/media-accreditation पर आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रस्‍तुत किए जाने चाहिए। मीडिया एक्रेडिटेशन विंडो 8 फरवरी 2026 को बंद हो जाएगी।