ईरान संकट का असर जारी: सैकड़ों फ्लाइट रद्द, 7 मार्च तक फ्री रिफंड और डेट चेंज की सुविधा
पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई के बाद उत्पन्न संकट का असर भारतीय एविएशन सेक्टर पर लगातार बना हुआ है। सोमवार को भी बड़ी संख्या में पश्चिम एशिया जाने वाली और वहां से गुजरने वाली उड़ानें रद्द रहीं। एयरलाइंस ने यात्रियों को राहत देते हुए टिकट रद्द करने और यात्रा की तारीख बदलने में विशेष छूट की घोषणा की है।
IndiGo की 162 उड़ानें रद्द, 7 मार्च तक मिली राहत
देश की प्रमुख विमान सेवा IndiGo ने सोमवार को अपनी 162 उड़ानें रद्द कीं। इसके साथ ही मंगलवार को भी 47 उड़ानों के रद्द रहने की घोषणा की गई है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों से होकर गुजरने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबन बढ़ा दिया गया है।
एयरलाइन ने अब 07 मार्च तक की यात्रा के लिए बिना किसी शुल्क के टिकट रद्द कराने या तारीख में बदलाव की सुविधा देने का फैसला किया है। पहले यह सुविधा 05 मार्च तक की यात्रा के लिए थी। यह छूट 28 फरवरी से पहले बुक कराए गए टिकटों पर लागू होगी।
Air India ने भी दी बड़ी राहत, खाड़ी देशों की उड़ानें रोकीं
अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर देश की बड़ी विमान सेवा Air India ने भी 28 फरवरी या उससे पहले बुक कराए गए 05 मार्च तक की यात्रा के टिकटों पर रद्दीकरण या डेट चेंज के लिए कोई शुल्क न लेने की घोषणा की है। एयर इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए अपनी सभी उड़ानें सोमवार रात 11:59 बजे तक रद्द कर दीं।
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया है कि 02 मार्च को उत्तरी अमेरिका और यूरोप की उसकी केवल छह उड़ानें रद्द रहेंगी।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भी असर, दर्जनों उड़ानें रद्द
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर दोपहर एक बजे तक यहां से रवाना होने वाली 37 और यहां आने वाली 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हवाई क्षेत्र से जुड़े प्रतिबंधों के कारण रद्द रहीं।
SpiceJet, Akasa Air और Air India Express ने भी रोकीं उड़ानें
SpiceJet की सोमवार को 17 उड़ानें (सात प्रस्थान और 10 आगमन) रद्द रहीं। इससे पहले 01 मार्च को 24 उड़ानें रद्द की गई थीं और 03 मार्च को दो उड़ानें रद्द करने की घोषणा की गई है।
Akasa Air ने 03 मार्च तक अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने 07 मार्च तक की यात्रा के लिए पूर्ण रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के डेट चेंज की सुविधा दी है।
वहीं Air India Express ने बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए अपनी सभी उड़ानें सोमवार आधी रात तक रद्द करने की जानकारी दी है। एयरलाइन ने 05 मार्च तक की यात्रा के टिकटों पर बिना शुल्क रद्दीकरण और तारीख बदलने की सुविधा का ऐलान किया है।
पश्चिम एशिया संकट के चलते अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर व्यापक असर पड़ा है। एयरलाइंस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी नियमित रूप से जांचते रहने की अपील की गई है।



