खाड़ी क्षेत्र में संकट के कारण टी20 वर्ल्ड कप टीमों की वापसी में देरी: आईसीसी
A general view of an England player's bat, helmet and gloves on the pitch between overs during the Group B T20 women's World Cup cricket match between England and Pakistan at Newlands Stadium in Cape Town on February 21, 2023. (Photo by Marco Longari / AFP) (Photo by MARCO LONGARI/AFP via Getty Images)
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने वाली कुछ टीमों के खिलाड़ियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और उनके परिवारों की घर वापसी में देरी हो रही है। आईसीसी ने कहा कि टूर्नामेंट में अपने अभियान समाप्त कर चुके सभी लोग जल्द से जल्द घर लौटना चाहते हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण यह संभव नहीं हो पाया है।
अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा गंभीर रूप से प्रभावित
आईसीसी के अनुसार यह देरी खाड़ी क्षेत्र में जारी संकट के कारण हो रही है, जिसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। कई देशों के हवाई क्षेत्र बंद हैं, मिसाइल चेतावनियां जारी की जा रही हैं और उड़ानों के मार्ग बदले जा रहे हैं। इसके अलावा कई कमर्शियल और चार्टर उड़ानों को अचानक रद्द या पुनर्निर्धारित करना पड़ा है। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि ये परिस्थितियां उसके नियंत्रण से बाहर हैं, जिससे खिलाड़ियों की यात्रा व्यवस्था सामान्य से कहीं अधिक जटिल और समय लेने वाली हो गई है।
सभी प्रभावित समूहों की सुरक्षित घर वापसी जल्द से जल्द सुनिश्चित करने की दिशा में हो रहा काम
आईसीसी ने बताया कि वह लगातार एयरलाइंस, चार्टर ऑपरेटर, एयरपोर्ट प्राधिकरण, ग्राउंड हैंडलर और विभिन्न देशों की सरकारी एजेंसियों के साथ संपर्क में है, ताकि सभी प्रभावित समूहों की सुरक्षित घर वापसी जल्द से जल्द सुनिश्चित की जा सके।
36 घंटों के भीतर सभी के प्रस्थान की उम्मीद
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के सदस्य आज रात से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होना शुरू करेंगे और अगले 36 घंटों के भीतर सभी के प्रस्थान की उम्मीद है। वहीं वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के नौ सदस्य पहले ही कैरेबियन के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बाकी 16 सदस्य अगले 24 घंटों के भीतर भारत से उड़ान भरेंगे। आगे की प्रस्थान व्यवस्था की पुष्टि होने पर आईसीसी अतिरिक्त जानकारी साझा करेगा।
इन फैसलों के पीछे केवल सुरक्षा
आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि इन फैसलों के पीछे केवल सुरक्षा, व्यावहारिकता और खिलाड़ियों के कल्याण को ध्यान में रखा गया है। मीडिया के कुछ मंचों पर सामने आ रही अन्य अटकलों को परिषद ने पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया।
परिषद ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के लिए की गई यात्रा व्यवस्था का पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम या किसी अन्य देश की व्यवस्था से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि सभी मामलों में परिस्थितियां, यात्रा मार्ग और उड़ान विकल्प अलग-अलग रहे हैं।
आईसीसी ने दोहराया कि इस पूरे समय उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता खिलाड़ियों और उनके परिवारों की सुरक्षा और भलाई है। परिषद ने कहा कि जब तक यात्रा व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाती, तब तक किसी को भी रवाना नहीं किया जाएगा। आईसीसी ने खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, क्रिकेट बोर्ड और सहयोगी साझेदारों को इस कठिन परिस्थिति में धैर्य और सहयोग बनाए रखने के लिए धन्यवाद भी दिया।



