राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आगाज़, ग्रेटर नोएडा में जुटी देशभर की प्रतिभाएं
लखनऊ। स्किल इंडिया मिशन के तहत राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता 2025-26 का रविवार को गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए करीब 650 प्रतिभागी 63 अलग-अलग कौशल श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। पूरे देश की भागीदारी ने इस मंच को “स्किल भारत” की सोच का सशक्त उदाहरण बना दिया है।
योगी सरकार की स्किल नीति को मिला नया आयाम
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के जरिए रोजगार से जोड़ने पर लगातार फोकस कर रही है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से अब तक लाखों युवाओं को ट्रेनिंग, अप-स्किलिंग और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। ग्रेटर नोएडा में आयोजित यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता प्रदेश की स्किल इकोनॉमी को मजबूती देने और उत्तर प्रदेश को “स्किल हब” के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
‘स्किलिंग से ही बनेगा स्किल नेशन’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि स्किलिंग एक सतत प्रक्रिया है, जो अभ्यास और समर्पण से विकसित होती है। उन्होंने प्रतिभागियों को “स्किल आइकॉन” बताते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता तक पहुंचना ही अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कौशल विकास केवल व्यक्तिगत प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के समग्र विकास से भी जुड़ा हुआ है। युवा ही भारत को वैश्विक स्तर पर “स्किल नेशन” बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
वैश्विक रैंकिंग सुधारने पर जोर
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की वरिष्ठ सलाहकार मनीषा शर्मा ने जानकारी दी कि वर्तमान में भारत वर्ल्ड स्किल्स रैंकिंग में 13वें स्थान पर है, जबकि एशिया में उसकी स्थिति 8वें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि स्किलिंग, री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग के माध्यम से युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है, जिससे भारत की वैश्विक रैंकिंग में और सुधार हो सके।
युवाओं को उत्कृष्टता के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार पिल्लई के उद्घाटन संबोधन से हुई। उन्होंने कौशल विकास को देश की प्रगति का मूल आधार बताते हुए युवाओं को अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। समापन अवसर पर निगम के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रशांत सिन्हा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया।
मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
विभिन्न राज्यों की टीमों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को जीवंत कर दिया। इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
शपथ ग्रहण समारोह बना मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण शपथ ग्रहण समारोह रहा, जिसमें उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की प्रतिभागी साधना ने सभी प्रतिभागियों को निष्पक्षता, ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।



