गोवा क्लब अग्निकांड : थाईलैंड में हिरासत में लिए गए लूथरा ब्रदर्स, जल्द भारत किया जाएगा डिपोर्ट
नई दिल्ली: गोवा क्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में ले लिया गया है। इन्हें थाईलैंड से भारत डिपोर्ट किया जाएगा और इस संबंध में प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गोवा के नाइट क्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत हुई थी और इसके बाद से ही दोनों भाई गौरव और सौरभ लूथरा थाईलैंड फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि इन्हें थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है। जानकारी के मुताबिक उन्हें भारत लाने की तैयारी तेज कर दी गई है।
बता दें इससे पहले सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों के पासपोर्ट रद्द कर दिए थे। गोवा सरकार ने दोनों भाइयों का पासपोर्ट रद्द करने का अनुरोध किया था। दोनों भाई 7 दिसंबर की सुबह देश छोड़कर थाईलैंड के फुकेट चले गए। उनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।

अधिकारियों के अनुसार, गौरव और सौरभ ने 7 दिसंबर की सुबह 1:17 बजे मेकमाईट्रिप पर टिकट बुक किए थे। उस समय दमकलकर्मी और पुलिस अरपोरा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में आग बुझाने और फंसे लोगों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। एक अधिकारी ने बताया, गोवा पुलिस और गोवा अग्निशमन सेवा आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए जूझ रही थी, उसी दौरान लूथरा बंधुओं ने देश से भागने की तैयारी शुरू कर दी थी।

