यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे का कहर: एक के बाद एक टकराईं 7 बसें- 3 कार, आग की लपटों में 4 की मौत, दर्जनों घायल

muskan-dixit-(49)4

मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे (दिल्ली-आगरा रूट) पर मंगलवार तड़के घने कोहरे ने भयावह हादसा करा दिया। कम विजिबिलिटी के कारण पहले तीन कारें आपस में टकराईं, फिर पीछे से आ रही सात बसें एक-एक कर उनसे जा भिड़ीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों में आग लग गई और अफरा-तफरी मच गई।

यह दर्दनाक घटना बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास हुई। पुलिस के अनुसार, हादसे में अब तक चार शव बरामद किए गए हैं, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है और आग पर काबू पा लिया गया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे की घटना है। वह बस में सो रहा था जब अचानक जोरदार धक्का लगा। बसें पूरी तरह भरी हुई थीं, टक्कर के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इनमें एक रोडवेज बस शामिल थी, बाकी प्राइवेट स्लीपर बसें थीं। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन टक्कर की वजह से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

मथुरा एसएसपी श्लोक कुमार ने पुष्टि की कि लो विजिबिलिटी मुख्य वजह रही। उन्होंने कहा कि सभी वाहनों में आग लगी थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीमों ने स्थिति संभाल ली। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है।

घने कोहरे के कारण उत्तर भारत में सड़क हादसे बढ़ गए हैं। यात्रियों से अपील है कि ऐसे मौसम में धीमी गति से वाहन चलाएं और विजिबिलिटी कम होने पर सतर्क रहें।

एक नज़र