शहबाज शरीफ के ट्वीट पर विवाद, ‘ड्राफ्ट’ शब्द से उठे सवाल; सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
इस्लामाबाद : शहबाज शरीफ के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा ईरान (Iran) संकट पर दो सप्ताह के संघर्ष विराम की घोषणा के बीच शरीफ का ट्वीट वायरल हुआ, जिसमें “Draft – Pakistan’s PM Message on X” लिखे होने को लेकर सवाल उठने लगे।
बताया जा रहा है कि शरीफ ने X पर ट्रंप से कूटनीति के लिए समय बढ़ाने का अनुरोध किया था। लेकिन यूजर्स ने पोस्ट की एडिट हिस्ट्री में “Draft” शब्द देखा, जिसके बाद दावा किया जाने लगा कि संदेश पहले से तैयार स्क्रिप्ट का हिस्सा हो सकता है।
सोशल मीडिया पर आलोचकों ने सवाल उठाया कि क्या पाकिस्तान की विदेश नीति स्वतंत्र रूप से तैयार हो रही है या संदेश बाहर से लिखे जा रहे हैं। यूजर्स ने यह भी पूछा कि एक प्रधानमंत्री अपने ही संदेश में खुद को “Pakistan’s PM” क्यों लिखेंगे।
शरीफ ने अपने पोस्ट में ट्रंप से दो सप्ताह की समयसीमा बढ़ाने का अनुरोध करते हुए ईरान से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने की अपील की थी। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की मध्यस्थता वाली कोशिशें आगे बढ़ रही हैं।
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब पाकिस्तान खुद को अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ के रूप में पेश कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान, तुर्की और मिस्र के साथ मिलकर बातचीत की पहल कर रहा है, जबकि वॉशिंगटन को भी इस प्रस्ताव की जानकारी दी गई है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है।



