जनता दर्शन में फरियादियों से बोले CM योगी: पहले जिले-मंडल में अधिकारियों से मिलें, फिर लखनऊ आएं
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में आए लोगों से उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें निर्देश दिया कि पहले जिले और मंडल के अधिकारियों से मिलकर समाधान की कोशिश करें। जिन मामलों में स्थानीय स्तर पर समाधान न हो, केवल तभी लखनऊ आने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर हाल में जनपद स्तर पर ही फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण किया जाए। उन्होंने एक उद्यमी के प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDC) और जिला प्रशासन को तत्काल और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
निवेश और उद्योग में पारदर्शिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश का बेहतरीन इकोसिस्टम तैयार है। सिंगल विंडो सिस्टम सहित कई पारदर्शी व्यवस्थाएं लागू हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निवेश और उद्योग विकास में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिक्षा और खेल पर ध्यान
एक नागरिक ने बेसिक शिक्षा परिषद के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य किए जाने की मांग रखी। सीएम ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेल और शारीरिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

अवैध कब्जों और पुलिस मामलों में त्वरित कार्रवाई
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कब्जों और पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बच्चों के साथ खास पल
जनता दर्शन में आए बच्चों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने पूछा कि वे किस क्लास में पढ़ते हैं। बच्चों ने अपने उत्तर दिए, फिर सीएम योगी ने सभी से कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करें, खूब खेलें और खेलकर खिलते रहें। बच्चों को इस अवसर पर चाकलेट भी दी गई।

