चीन का ‘रोबोटिक डॉग’ जिसने मचा दिया बवाल: Galgotia University से जुड़ा विवाद, जानिए लाखों के इस रोबोट में क्या है खास

chinese-robotic-dog

AI Impact Summit 2026 में स्टार्टअप्स से लेकर दिग्गज कंपनियों तक की लेटेस्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकें पेश की जा रही हैं। इसी मंच पर एक रोबोटिक डॉग को लेकर उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब Galgotia University पर इसे अपना इनोवेशन बताकर पेश करने के आरोप लगे। विवाद बढ़ने के बाद यूनिवर्सिटी ने सफाई देते हुए स्पष्ट किया कि उसने इस रोबोटिक डॉग को डेवलप करने का कोई दावा नहीं किया है। विवाद से इतर, इस रोबोटिक डॉग को लेकर लोगों की जिज्ञासा तेज हो गई है कि आखिर यह है क्या, इसकी कीमत कितनी है और इसमें ऐसी कौन-सी खूबियां हैं जो इसे खास बनाती हैं।

किस कंपनी का है रोबोटिक डॉग और क्या है इसकी कीमत
AI Summit में ‘ओरियन’ नाम से जिस रोबोटिक डॉग को दिखाया गया, वह असल में चीन की टेक कंपनी Unitree द्वारा तैयार किया गया है। कंपनी की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इस रोबोट का नाम Go2 है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 2800 डॉलर है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 2.54 लाख रुपये बैठती है। इसके अलावा Go2 के Air, Pro और X जैसे अलग-अलग वेरिएंट भी उपलब्ध हैं। सबसे सस्ता Air वेरिएंट करीब 1600 डॉलर यानी लगभग 1.45 लाख रुपये का है, जबकि X वेरिएंट की कीमत 4500 डॉलर तक जाती है, जो करीब 4.08 लाख रुपये के आसपास है।

वजन, बनावट और परफॉर्मेंस की ताकत
Go2 के अलग-अलग वेरिएंट्स में फीचर्स भी अलग हैं। Pro वेरिएंट की बात करें तो इसका वजन लगभग 15 किलोग्राम है। इसे एल्यूमिनियम एलॉय और हाई-स्ट्रेंथ इंजीनियरिंग प्लास्टिक से तैयार किया गया है। यह रोबोट 28V से 33.6V तक के पावर रेंज पर काम करता है और 3000W तक की क्षमता रखता है। परफॉर्मेंस के मामले में यह रोबोटिक डॉग करीब 8 किलोग्राम तक का भार उठाने में सक्षम है।

स्पीड, सेंसर और एडवांस टेक्नोलॉजी
स्पीड के लिहाज से यह रोबोट 0 से 3.5 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से चल सकता है, यानी करीब 12.6 किलोमीटर प्रति घंटा। इसमें सुपर वाइड एंगल 3D LiDAR सेंसर, HD वाइड एंगल कैमरा, Wi-Fi 6, ब्लूटूथ 5.2, GPS के साथ 4G मॉड्यूल, वॉयस फंक्शन और इंटेलिजेंट डिटेक्शन व अवॉइडेंस सिस्टम जैसे एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। ये खूबियां इसे निगरानी, रिसर्च और इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए खास बनाती हैं।

बैटरी लाइफ और इस्तेमाल की क्षमता
Unitree Go2 के सभी वेरिएंट्स में 8000mAh की दमदार बैटरी दी गई है। कंपनी के अनुसार Air, Pro और X वेरिएंट सिंगल चार्ज पर करीब 1 से 2 घंटे तक काम कर सकते हैं। यही वजह है कि यह रोबोटिक डॉग न सिर्फ टेक इवेंट्स में आकर्षण का केंद्र बन रहा है, बल्कि सुरक्षा और टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी इसे भविष्य की अहम तकनीक माना जा रहा है।