चाय ही नहीं चिप के लिए भी जाना जाएगा असम, BJP हैट्रिक के लिए तैयार : PM मोदी

PM-Modi-2-3

गोगामुख: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम के गोगामुख में चुनावी सभा को संबोधित किया. असम में चुनाव घोषणा के बाद पीएम मोदी की ये पहली रैली है. उन्होंने कहा कि असम में बीजेपी सरकार हैट्रिक बनाने वाली है. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि अब असम को दुनिया न केवल चाय के लिए, बल्कि चिप के लिए भी पहचानेगी. एक विकसित असम के लिए यही हमारा रोडमैप है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पहले सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में और फिर हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम ने पिछले 10 वर्षों में सेवा और सुशासन के एक नए युग का अनुभव किया है. ये असम चुनाव एक विकसित भारत के लिए एक विकसित असम बनाने के लिए है. BJP की सरकार जीत की हैट्रिक लगाने के लिए तैयार है और कांग्रेस भी हार की हैट्रिक का सामना करने के लिए तैयार है… कांग्रेस के स्वघोषित ‘शहजादा’ हार का शतक लगाने के लिए तैयार हैं. पीएम मोदी ने आगे कहा कि असम BJP ने कल एक शानदार घोषणापत्र जारी किया. कल मंगलवार था और मंगलवार को जारी यह घोषणापत्र असम में और अधिक ‘मंगल’ लाने वाला है… यह वही ‘मंगल पत्र’ है जो मंगलवार को आया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले एक दशक में असम ने विकास का एक लंबा सफर तय किया है. ये 20-25 साल के युवा सिर्फ़ BJP-NDA के सुशासन के ही गवाह रहे हैं. इन्होंने कांग्रेस शासन का वह काला दौर नहीं देखा, जब असम से आने वाली ख़बरों में सिर्फ़ बम, बंदूकें, दंगे और कर्फ्यू ही होते थे. डबल-इंजन सरकार ने असम को स्थायी शांति का एक नया रास्ता दिखाया है. पिछले एक दशक में असम के हजारों बेटे-बेटियों ने बंदूकें छोड़कर एक नए भविष्य से खुद को जोड़ा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक समय था जब असम की चर्चा दुनिया भर में उसकी चाय के लिए होती थी. अब, असम को दुनिया न केवल चाय के लिए, बल्कि ‘चिप’ के लिए भी पहचानेगी. वह दिन दूर नहीं जब असम के सेमीकंडक्टर प्लांट से चिप का उत्पादन शुरू हो जाएगा. इससे असम आधुनिक तकनीक के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा. आने वाले समय में, चाहे फोन हों, कारें, टीवी या फ्रिज ये सभी उत्पाद असम में बनी चिप्स पर ही चलेंगे. एक विकसित असम के लिए यही हमारा रोडमैप है.