यूपी में अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन की शुरुआत आज से
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 86वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन एवं 62वें भारत में विधायी निकायों के सचिवों के सम्मेलन की शुरुआत आज विधानभवन में हो रही है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी उत्तर प्रदेश विधानमंडल द्वारा की जा रही है। सम्मेलन में देशभर से आए पीठासीन अधिकारी, सचिवगण एवं गणमान्य प्रतिनिधि विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं, सदन संचालन, सुशासन और समसामयिक विधायी विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में बड़ी संख्या में शिरकत
सम्मेलन में माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सहित देश के विभिन्न राज्यों एवं विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, सभापति, अध्यक्ष एवं सचिवगण शामिल हैं।
उद्घाटन सत्र और प्रमुख कार्यक्रम
आज उद्घाटन सत्र में संवैधानिक पदों पर आसीन महानुभावों की उपस्थिति में प्रदर्शनी का उद्घाटन, समूह चित्र और विभिन्न समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। 20 जनवरी को पूर्ण सत्र के दौरान एजेंडा बिंदुओं पर गहन चर्चा होगी, जबकि उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन भी प्रस्तावित है। 21 जनवरी को समापन सत्र में विभिन्न संवैधानिक पदाधिकारियों के प्रेरक संबोधन होंगे।
विधायी परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा
सम्मेलन के दौरान विधायी परंपराओं, संसदीय नवाचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित किया जाएगा। सम्मेलन के उपरांत 22 जनवरी को प्रतिभागियों के लिए अयोध्या धाम भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित है, जबकि 23 जनवरी को प्रतिनिधियों का प्रस्थान होगा। यह सम्मेलन संसदीय लोकतंत्र को और सशक्त बनाने तथा राज्यों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
भव्य प्रोजेक्शन मैपिंग कार्यक्रम से दी गई प्रदेश की झलक
18 जनवरी को विधान भवन के गुंबद पर उत्तर प्रदेश की गौरवगाथा को दर्शाते हुए अत्याधुनिक ‘प्रोजेक्शन मैपिंग’ तकनीक के माध्यम से ध्वनि और प्रकाश कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम ने प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और राजनीतिक यात्रा का दृश्यात्मक चित्रण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत उपस्थित अधिकारियों ने इस अभिनव प्रयास की सराहना की।

देश के विभिन्न राज्यों के अधिकारियों को परिचित कराना उद्देश्य
इस आयोजन के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से आए पीठासीन अधिकारियों एवं विधानमंडलीय अधिकारियों को उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक वैभव, ऐतिहासिक धरोहर और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराया जाएगा। यह कार्यक्रम न केवल प्रदेश की उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा, बल्कि विधायी संस्थाओं के बीच संवाद, सहयोग और नवाचार को नई दिशा प्रदान करेगा।

