Dhurandhar की बंपर सफलता के बाद फिर साथ आ सकते हैं Ranveer Singh–Aditya Dhar, माइथोलॉजिकल एक्शन फिल्म की तैयारी शुरू

Aditya-(17)-1770888631701_v

नई दिल्ली। बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कामयाबी हासिल करने के बाद निर्देशक आदित्य धर और अभिनेता रणवीर सिंह की जोड़ी एक बार फिर चर्चा में है। ‘धुरंधर’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद दोनों 19 मार्च को इसका दूसरा पार्ट लेकर आ रहे हैं, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच इंडस्ट्री में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि यह जोड़ी भविष्य में एक और बड़े प्रोजेक्ट पर साथ काम कर सकती है।

माइथोलॉजिकल ड्रामा में रणवीर सिंह की एंट्री?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आदित्य धर इस समय एक बड़े माइथोलॉजिकल एक्शन ड्रामा पर काम कर रहे हैं और इस प्रोजेक्ट के लिए रणवीर सिंह को कास्ट करने की तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म भव्य स्केल पर बनाई जाएगी और इसमें एक्शन के साथ-साथ पौराणिक कथाओं का आधुनिक ट्रीटमेंट देखने को मिल सकता है।

विक्की कौशल वाला प्रोजेक्ट फिलहाल ठंडे बस्ते में?
जूम की रिपोर्ट के अनुसार आदित्य धर पहले ‘अश्वत्थामा’ नाम के प्रोजेक्ट पर विक्की कौशल के साथ काम करने वाले थे, लेकिन फिलहाल यह योजना आगे बढ़ती नजर नहीं आ रही है। इसी बीच रणवीर सिंह के साथ नए माइथोलॉजिकल प्रोजेक्ट की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि आदित्य धर अपनी अगली फिल्म के लिए नए सिरे से तैयारी कर रहे हैं।

Jio Studios के साथ बढ़ी फर्स्ट-लुक डील
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, आदित्य धर ने जियो स्टूडियोज के साथ अपनी एक्सक्लूसिव फर्स्ट-लुक डील को अगले दो साल के लिए बढ़ा दिया है। इस डील के तहत आदित्य धर और उनके प्रोडक्शन हाउस बी62 स्टूडियोज, जिसकी सह-स्थापना उन्होंने लोकेश धर के साथ की है, जियो स्टूडियोज के लिए कई फिल्मों का विकास और निर्माण करेंगे। इसमें उनकी अगली निर्देशित फिल्म भी शामिल होगी।

पहले भी हिट प्रोजेक्ट्स दे चुकी है यह साझेदारी
बी62 स्टूडियोज और जियो स्टूडियोज की जोड़ी अब तक कई सफल प्रोजेक्ट्स पर साथ काम कर चुकी है, जिनमें ‘आर्टिकल 370’, ‘धूम धाम’, ‘बारामूला’ और ‘धुरंधर’ के दोनों पार्ट्स शामिल हैं। ऐसे में इस नई डील से इंडस्ट्री को बड़े और हाई-स्केल प्रोजेक्ट्स की उम्मीद है।

फिलहाल नहीं हुई कोई आधिकारिक घोषणा
हालांकि, रणवीर सिंह और आदित्य धर के माइथोलॉजिकल ड्रामा को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। ऐसे में दर्शकों को इस प्रोजेक्ट के लिए थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल फैंस की निगाहें ‘धुरंधर पार्ट 2’ पर टिकी हैं, जो रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ से टकराने वाली है।