अमेरिका में राजनीति की भेंट चढ़ रहे खून के रिश्ते! ट्रंप को वोट देने पर बेटे ने पिता से तोड़ा नाता, पोते-पोतियों से भी किया दूर

00000000000000-11
न्यूयॉर्क: जिस बेटे को पिता ने उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उसकी परवरिश में पूरी जिंदगी लगा दी, आज वही बेटा उनसे बात तक नहीं करना चाहता। न कोई पुरानी दुश्मनी है और न ही किसी तरह के दुर्व्यवहार का आरोप। दोनों के बीच दूरी की वजह सिर्फ इतनी है कि पिता ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वोट दिया था। हालात यहां तक पहुंच गए कि बेटे ने अपने पिता को पोते-पोतियों से मिलने से भी रोक दिया।

यह कोई काल्पनिक कहानी नहीं, बल्कि अमेरिका के जाने-माने मनोचिकित्सक और ‘थेरेपी नेशन’ के लेखक जोनाथन अल्पर्ट के क्लिनिक से सामने आया एक मामला है। 25 नवंबर को प्रकाशित अपने लेख में अल्पर्ट ने बताया है कि किस तरह राजनीतिक विचारधाराओं का टकराव अब अमेरिकी परिवारों के निजी रिश्तों को भी प्रभावित कर रहा है। राजनीतिक असहमति के कारण माता-पिता और बच्चों के बीच संवाद खत्म हो रहा है और पुराने रिश्ते टूटने की कगार पर पहुंच रहे हैं।

हर तीसरे अमेरिकी ने झेला राजनीतिक रिश्ते टूटने का दर्द

अमेरिका में धर्म, आव्रजन और ट्रांसजेंडर अधिकारों जैसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीतिक मतभेद परिवारों के भीतर भी गहरी खाई पैदा कर रहे हैं। थैंक्सगिविंग, हनुक्का और क्रिसमस जैसे त्योहार, जो कभी परिवारों के एक साथ आने और खुशियां बांटने का अवसर होते थे, अब कई लोगों के लिए तनाव और असहजता की वजह बन रहे हैं।

‘पीएनएएस नेक्सस’ में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, अप्रैल 2025 में किए गए सर्वेक्षण में 37 प्रतिशत अमेरिकियों ने स्वीकार किया कि वे राजनीतिक मतभेदों के कारण किसी रिश्ते के टूटने का अनुभव कर चुके हैं। इस स्थिति को ‘पॉलिटिकल ब्रेकअप’ कहा जा रहा है। आंकड़े बताते हैं कि राजनीतिक पसंद और विचारधारा का असर अब लोगों के निजी जीवन तक पहुंच गया है।

वोट की पसंद से तय होने लगा इंसान का पूरा व्यक्तित्व

जोनाथन अल्पर्ट के मुताबिक, मौजूदा दौर में लोग किसी व्यक्ति के राजनीतिक फैसले को उसके पूरे चरित्र से जोड़कर देखने लगे हैं। इसका नतीजा यह है कि एक चुनाव में किसे वोट दिया गया, उसी आधार पर रिश्तों में भरोसा और सम्मान तय होने लगा है।

उन्होंने मिशिगन की एक प्रगतिशील विचारों वाली बेटी का उदाहरण दिया। उसे लगता है कि उसकी मां ने माइक रोजर्स को वोट देकर सहिष्णुता के उन मूल्यों के खिलाफ कदम उठाया, जिनकी शिक्षा उसने खुद अपनी बेटी को दी थी।

इसी तरह टेक्सास में एक रूढ़िवादी पिता इस बात से परेशान है कि उसके बेटे ने गर्भपात के मुद्दे पर अलग विचार रखने वाले जेम्स तालारिको को वोट दिया। पिता को लगता है कि बेटे की परवरिश में आखिर कहां कमी रह गई। अल्पर्ट के अनुसार, मनोविज्ञान में इस तरह किसी व्यक्ति को उसके एक फैसले के आधार पर पूरी तरह परिभाषित कर देना ‘लेबलिंग’ कहलाता है। धीरे-धीरे यह सोच इस धारणा में बदल जाती है कि अलग राजनीतिक पसंद रखने वाला व्यक्ति गलत या नफरत फैलाने वाला है।

राजनीतिक बहस के बाद पिता से नहीं की बात, मौत के बाद हुआ पछतावा

अल्पर्ट ने अपने एक मरीज की कहानी भी साझा की, जो इस पूरे विवाद का सबसे दर्दनाक पहलू सामने लाती है। वर्ष 2024 के चुनाव को लेकर पिता के साथ हुई बहस के बाद उस व्यक्ति ने उनसे बातचीत बंद कर दी थी।

पिता ने रिश्ते सुधारने की कोशिश में कई बार फोन किया, लेकिन बेटे ने हर बार यह सोचकर कॉल नजरअंदाज कर दी कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा। हालांकि, ऐसा हो पाता, उससे पहले ही पिता का निधन हो गया।

अब वह व्यक्ति पिता की उन अनसुनी कॉल्स और आखिरी बातचीत में हुई राजनीतिक बहस को याद कर पछता रहा है। उसे इस बात का दुख है कि जिस रिश्ते को दोबारा संभालने का मौका मिल सकता था, वह हमेशा के लिए खत्म हो गया।

राजनीतिक विचार अस्थायी, परिवार जीवनभर की पूंजी

जोनाथन अल्पर्ट का मानना है कि हर पारिवारिक रिश्ते में राजनीतिक मतभेद को नजरअंदाज करना संभव नहीं होता। कुछ संबंधों में पहले से ही कड़वाहट, अपमान या दुर्व्यवहार मौजूद होता है। ऐसे मामलों में किसी चुनावी फैसले को रिश्ते टूटने की एकमात्र वजह नहीं कहा जा सकता। यदि कोई रिश्ता हिंसक या अपमानजनक है, तो उससे दूरी बनाना जरूरी हो सकता है।

लेकिन केवल किसी व्यक्ति के वोट देने के फैसले के आधार पर उसके पूरे व्यक्तित्व का आकलन करना सही नहीं है। एक मतपत्र किसी इंसान को समझने का सबसे कमजोर माध्यम हो सकता है। राजनीति और चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन परिवार के रिश्ते जीवनभर की पूंजी होते हैं। ऐसे में राजनीतिक असहमति को रिश्तों से बड़ा बना देना भविष्य में गहरे पछतावे की वजह बन सकता है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र