जापान की मिसाइलों का भारत में होगा परीक्षण? 3 टेस्टिंग रेंज देने की तैयारी, रक्षा सहयोग में आएगा नया मोड़

Untitled-1-copy-302
नई दिल्ली: भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग को नई दिशा देने की तैयारी है। भारत जापान को अपनी तीन मिसाइल परीक्षण सुविधाओं के इस्तेमाल की अनुमति देने पर विचार कर रहा है। इनमें ओडिशा के चांदीपुर स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) और पश्चिम बंगाल तथा आंध्र प्रदेश में विकसित की जा रही दो नई अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाएं शामिल हैं। इस व्यवस्था के तहत जापान अपनी मिसाइलों और छोटे हमलावर ड्रोन का परीक्षण भारत में कर सकेगा।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच इस प्रस्ताव पर बातचीत चल रही है। मिसाइल परीक्षण के अलावा तकनीकी जानकारी साझा करने और हाइपरसोनिक हथियारों सहित उन्नत मिसाइल प्रणालियों के विकास में सहयोग की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।

युद्धपोत निर्माण में भी बढ़ेगी साझेदारी

भारत और जापान के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग का दायरा केवल मिसाइल परीक्षण तक सीमित नहीं है। दोनों देश आधुनिक युद्धपोतों के डिजाइन, तकनीक और निर्माण से जुड़े अनुभव साझा करने पर भी चर्चा कर रहे हैं। इस दिशा में जापान की मोगामी क्लास मल्टी-मिशन स्टील्थ फ्रिगेट की डिजाइन और तकनीकी जानकारी भारत के साथ साझा करने की संभावनाओं पर काम हो रहा है।

भारत ने जापान को अपने शिपयार्ड और रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक कंपनियों के साथ मिलकर काम करने का प्रस्ताव भी दिया है। इसके तहत भारत में जापानी रक्षा उपकरणों का उत्पादन करने और यहां से दूसरे देशों को निर्यात करने की संभावनाएं शामिल हैं। भारत में अपेक्षाकृत कम उत्पादन लागत जापानी कंपनियों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

भारत में बनेगा जापान की जरूरतों का रक्षा उपकरण?

सहयोग के तहत यूनिकॉर्न (UNICORN यानी Unified Complex Radio Antenna) प्रणाली के उत्पादन पर भी चर्चा हो रही है। भारतीय नौसेना के लिए इसके निर्माण के साथ जापान की जरूरतों और उसके निर्यात बाजार को ध्यान में रखकर भी उत्पादन करने की संभावना है।

इसके अलावा जापान की अगली पीढ़ी की एंटी-शिप मिसाइल Type-25 के परीक्षण पर भी विचार किया जा रहा है। इसकी मारक क्षमता करीब 1,000 किलोमीटर बताई जा रही है। दोनों देश अपने रक्षा अधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाकर प्रस्तावित व्यवस्था को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे। जापान मिसाइल परीक्षण सुविधाओं के इस्तेमाल को लेकर ऑस्ट्रेलिया के साथ भी बातचीत कर रहा है।

दूसरे विश्व युद्ध के बाद जापान की सैन्य नीति में बड़ा बदलाव

जापान की इस पहल को दूसरे विश्व युद्ध के बाद उसकी सैन्य नीति में बड़े बदलावों में से एक माना जा रहा है। अब जापान अपनी रक्षा क्षमता को केवल रक्षात्मक हथियारों तक सीमित नहीं रखना चाहता। वह लंबी दूरी तक हमला करने वाली मिसाइलों, आधुनिक हथियार प्रणालियों और मजबूत रक्षा उद्योग के विकास पर जोर दे रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, जापान की एक सैन्य टीम अक्टूबर में भारत आई थी। इस टीम ने करीब एक सप्ताह तक देश की अलग-अलग मिसाइल परीक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मिसाइलों और छोटे हमलावर ड्रोन के परीक्षण के लिए उपयुक्त स्थानों का आकलन किया गया।

भारत का पूर्वी तट जापान के लिए क्यों अहम?

जापान के सामने लंबी दूरी की मिसाइलों के परीक्षण के लिए अपने देश में पर्याप्त सुरक्षित समुद्री क्षेत्र उपलब्ध कराने की चुनौती है। ऐसे में भारत का पूर्वी समुद्री तट उसके लिए महत्वपूर्ण विकल्प बन सकता है। यहां मौजूद परीक्षण सुविधाओं और बंगाल की खाड़ी तक पहुंच के कारण जापान को मिसाइल परीक्षण के लिए जरूरी भौगोलिक परिस्थितियां मिल सकती हैं।

चीन और उत्तर कोरिया की चुनौती के बीच बढ़ा रहा सैन्य क्षमता

भारत और जापान मिसाइल परीक्षण के अलावा उन्नत हथियार प्रणालियों और तकनीकी विशेषज्ञता साझा करने पर भी जोर दे रहे हैं। हाइपरसोनिक हथियारों के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

जापान अपनी बहुस्तरीय तटीय रक्षा प्रणाली विकसित करना चाहता है। इसमें कम लागत वाले मानवरहित ड्रोन, समुद्री ड्रोन और पानी के भीतर काम करने वाले ड्रोन शामिल होंगे। इनका इस्तेमाल निगरानी के साथ जरूरत पड़ने पर हमले के लिए भी किया जा सकेगा।

इसके साथ ही जापान अपनी स्टैंड-ऑफ मिसाइल क्षमता बढ़ा रहा है। ये ऐसी मिसाइलें होती हैं, जिन्हें दुश्मन की सीधी मारक सीमा से बाहर रहकर दागा जा सकता है। चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों और उत्तर कोरिया के तेजी से विकसित हो रहे मिसाइल कार्यक्रम को देखते हुए जापान अपनी सैन्य ताकत और रक्षा तैयारियों को मजबूत करने में जुटा है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र