रामायण में जहां जटायु ने रावण से लड़ी थी आखिरी जंग, वहीं मौजूद है दुनिया की सबसे बड़ी पक्षी प्रतिमा; फिल्म के बाद पर्यटकों में बढ़ा क्रेज

0211
नई दिल्ली: नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता देखने को मिल रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर जटायु के किरदार को अपनी आवाज दे रहे हैं। रामायण की कहानी में जटायु का विशेष महत्व है। उन्होंने माता सीता को रावण के चंगुल से बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना उससे युद्ध किया था।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि केरल में इसी वीर पक्षी जटायु के सम्मान में दुनिया की सबसे बड़ी पक्षी प्रतिमा बनाई गई है? यह विशाल प्रतिमा न केवल रामायण की याद दिलाती है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का संदेश भी देती है। जटायु अर्थ सेंटर नाम की यह जगह आज पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। यहां धार्मिक महत्व के साथ-साथ एडवेंचर गतिविधियों का भी आनंद लिया जा सकता है।

कहां स्थित है जटायु की विशाल प्रतिमा?

केरल के कोल्लम जिले के चदयमंगलम में जटायु अर्थ सेंटर स्थित है। यहां एक पहाड़ी की चोटी पर जटायु की विशालकाय प्रतिमा बनाई गई है। यह समुद्र तल से लगभग 1,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। प्रतिमा की लंबाई करीब 200 फीट, चौड़ाई 150 फीट और ऊंचाई लगभग 70 फीट है। अपने विशाल आकार और अनूठी बनावट के कारण यह जगह देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है।

इस भव्य प्रतिमा का निर्माण मशहूर मलयालम फिल्म निर्माता और मूर्तिकार राजीव आंचल ने किया है। इसे तैयार करने में लगभग 10 साल का समय लगा। जटायु की यह प्रतिमा केवल पौराणिक कथा से जुड़ी स्मृति नहीं है, बल्कि इसे महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और साहस का प्रतीक भी माना जाता है। रामायण की मान्यता के अनुसार, जटायु ने माता सीता को रावण से बचाने के लिए युद्ध किया था और इस संघर्ष में अपने पंख गंवा दिए थे।

जटायु अर्थ सेंटर में देखने लायक हैं ये खास आकर्षण

जटायु अर्थ सेंटर में पर्यटकों के लिए कई खास आकर्षण मौजूद हैं। यहां आने वाले लोग विशाल प्रतिमा को देखने के साथ उसके अंदर बने मल्टीलेवल ऑडियो-विजुअल म्यूजियम का अनुभव भी ले सकते हैं। यहां 6D थिएटर की सुविधा भी उपलब्ध है, जहां जटायु की कहानी और रामायण से जुड़े प्रसंगों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाता है।

इसके अलावा परिसर में राम मंदिर भी बनाया गया है। मान्यता है कि यहां भगवान राम के पदचिह्न मौजूद हैं। धार्मिक आस्था रखने वाले पर्यटक इस स्थान पर दर्शन भी कर सकते हैं।

एडवेंचर के शौकीनों के लिए भी है खास इंतजाम

अगर आपको रोमांचक गतिविधियां पसंद हैं तो जटायु अर्थ सेंटर आपके लिए खास जगह साबित हो सकता है। यहां एडवेंचर गतिविधियों के लिए अलग जोन बनाया गया है। पर्यटक जिपलाइनिंग, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग, वैली क्रॉसिंग, पेंटबॉल और कमांडो नेट क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। इस वजह से यह जगह धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के साथ एडवेंचर टूरिज्म के लिए भी लोकप्रिय है।

कितनी है टिकट की कीमत और घूमने का समय?

जटायु अर्थ सेंटर में अलग-अलग आकर्षणों के लिए अलग टिकट की व्यवस्था है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुख्य प्रतिमा देखने के लिए टिकट की कीमत लगभग 250 से 400 रुपये के बीच हो सकती है। वहीं, पहाड़ी तक पहुंचने के लिए केबल कार यानी रोपवे का इस्तेमाल करने पर करीब 550 से 650 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने पड़ सकते हैं।

जो पर्यटक पैदल पहाड़ी पर चढ़ना चाहते हैं, उनके लिए वॉकवे टिकट की कीमत लगभग 300 से 350 रुपये बताई जाती है। एडवेंचर गतिविधियों के लिए अलग से टिकट लेना होता है। यहां घूमने का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बताया गया है। हालांकि, टिकट की कीमतों और समय में बदलाव संभव है, इसलिए यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर ताजा जानकारी जरूर जांच लें।

घूमने का सही समय और कैसे पहुंचें?

जटायु अर्थ सेंटर घूमने के लिए अक्टूबर से मार्च तक का समय अच्छा माना जाता है। इस दौरान केरल का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहता है, जिससे पहाड़ी पर घूमने और एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लेना आसान हो जाता है।

यह पर्यटन स्थल कोल्लम शहर से करीब 38 किलोमीटर और तिरुवनंतपुरम से लगभग 50 किलोमीटर दूर है। यहां पहुंचने के लिए पर्यटक निजी वाहन या कैब का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप केरल की यात्रा की योजना बना रहे हैं तो जटायु अर्थ सेंटर को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यहां आपको पौराणिक इतिहास, धार्मिक आस्था, विशाल मूर्तिकला और रोमांचक गतिविधियों का अनूठा अनुभव मिलेगा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र