अमेरिकी अदालत ने NSA अजीत डोभाल को समन भेजने का दिया आदेश, भारत ने खारिज किया पन्नू का मुकदमा; जानिए पूरा मामला
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब इस मामले पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि भारत पहले भी ऐसे बेबुनियाद मामलों को खारिज कर चुका है। उनका यह बयान अमेरिकी अदालत के ताजा आदेश के बाद आया है।
दिल्ली की अदालतों के जरिए समन भेजने की तैयारी
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित दक्षिणी जिले की जिला अदालत ने 13 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया था। अदालत ने अपने क्लर्क को निर्देश दिया कि एनएसए अजीत डोभाल के लिए पटियाला हाउस जिला अदालत और सामंत गोयल के लिए द्वारका तथा तीस हजारी अदालतों के माध्यम से समन और संबंधित दस्तावेज भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाए।
अमेरिकी जिला अदालत की जज कैथरीन पोल्क फैला ने अपने आदेश में कहा कि लंबित सिविल मुकदमे में प्रतिवादियों को कानूनी नोटिस पहुंचाने के लिए भारतीय अदालतों से सहायता का अनुरोध किया जा रहा है।
हेग कन्वेंशन का दिया गया हवाला
अमेरिकी अदालत ने अपने आदेश में हेग कन्वेंशन और भारतीय सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) का हवाला दिया है। अदालत के मुताबिक, विदेशी अदालतें कानूनी प्रक्रिया के तहत भारतीय न्यायिक व्यवस्था के माध्यम से संबंधित व्यक्तियों को समन भेजने का अनुरोध कर सकती हैं।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया कि हेग कन्वेंशन के तहत भारत की केंद्रीय प्राधिकरण के माध्यम से समन भेजने का प्रयास किया गया था, लेकिन यह प्रक्रिया सफल नहीं हो सकी। इसके बाद अमेरिकी अदालत ने दिल्ली की अदालतों के माध्यम से समन पहुंचाने का रास्ता अपनाने का निर्देश दिया।
पन्नू ने कथित हमले को लेकर दायर किया है मुकदमा
दरअसल, अमेरिका में रह रहे खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपने ऊपर कथित हत्या की साजिश रचे जाने के मामले में हर्जाने की मांग करते हुए अमेरिकी अदालत में सिविल मुकदमा दायर किया है। उसने अपने मुकदमे में अजीत डोभाल और RAW से जुड़े अधिकारियों पर कथित साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, भारत इन आरोपों को बेबुनियाद बताता रहा है।
पन्नू का संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) भारत में प्रतिबंधित है। इस मामले में अमेरिकी अदालत पहले भी वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से डोभाल और सामंत गोयल को समन पहुंचाने का प्रयास कर चुकी है, लेकिन वह प्रक्रिया सफल नहीं हुई थी। अब दिल्ली की अदालतों के जरिए समन भेजने की कोशिश की जा रही है।






