यूपी चुनाव 2027 में चंद्रशेखर आजाद होंगे CM पद का चेहरा? ओवैसी ने गठबंधन के बाद किया बड़ा ऐलान, ‘भीम-मीम’ समीकरण पर नजर

Untitled-1-copy-242
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन के जरिए चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। गठबंधन के बाद पहली बार ओवैसी सहारनपुर में चंद्रशेखर आजाद के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने उनके साथ भोजन किया और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति के संकेत दिए। इस दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया।

चंद्रशेखर के घर पहुंचे ओवैसी, साथ बैठकर किया भोजन

सहारनपुर पहुंचने के बाद असदुद्दीन ओवैसी चंद्रशेखर आजाद के घर गए। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद ओवैसी सहारनपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय भी पहुंचे, जहां बनी एक मस्जिद को बुलडोजर से गिराए जाने के मामले पर उन्होंने आपत्ति जताई।

चंद्रशेखर आजाद के आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए ओवैसी ने कहा कि यह उनकी अकेले की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की 20 करोड़ जनता की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि गैरजरूरी मुद्दों को उठाने के बजाय जनता से जुड़े सवालों पर ध्यान देना चाहिए।

चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा

ओवैसी ने गठबंधन की चुनावी रणनीति पर बात करते हुए कहा कि जो लोग बीजेपी को हराना चाहते हैं, उनके सामने अब एक मजबूत विकल्प मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।

ओवैसी ने कहा कि यह लड़ाई केवल मुस्लिम मतदाताओं की नहीं है। गठबंधन को हर समुदाय का समर्थन चाहिए। माना जा रहा है कि इस गठबंधन के जरिए दोनों नेता दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक समर्थन बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

आजम खान की जमानत पर भी बोले ओवैसी

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को जमानत मिलने पर ओवैसी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि आजम खान को बेल मिलना अच्छी बात है। उनकी उम्र करीब 80 साल हो चुकी है और वह अल्लाह से उनके अच्छे स्वास्थ्य की दुआ करते हैं।

ओवैसी ने कहा कि उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनके मुताबिक, जिसके साथ भी नाइंसाफी हुई है, उसे इंसाफ मिलना चाहिए।

बिहार चुनाव का भी किया जिक्र

ओवैसी ने बिहार में हुए गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पांच सीटें जीतने में चंद्रशेखर आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी उनकी पार्टी ने गठबंधन के तहत सीटें मांगी थीं, लेकिन उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। इसके बावजूद उनकी पार्टी ने चुनाव लड़ा।

ओवैसी ने बीजेपी को हराने के दावों पर सवाल उठाते हुए 2014, 2019 और 2022 के चुनावों का भी जिक्र किया। चंद्रशेखर आजाद के घर नोटिस दिए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि पुराने राजनीतिक चेहरों की विश्वसनीयता कम हो रही है और इसी वजह से इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।

सहारनपुर में भीम-मीम समीकरण पर नजर

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित-मुस्लिम समीकरण के रूप में देखा जा रहा है। सहारनपुर में मुस्लिम और दलित आबादी की उल्लेखनीय हिस्सेदारी है। ऐसे में दोनों नेताओं की संयुक्त राजनीतिक गतिविधियों को इस क्षेत्र में समर्थन जुटाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

सहारनपुर में विधानसभा की सात सीटें हैं और कांग्रेस के इमरान मसूद यहां से सांसद हैं। चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन करके ओवैसी आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं। अब देखना होगा कि यह गठबंधन चुनावी मैदान में कितना समर्थन जुटा पाता है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र