राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने खिलाड़ियों और कोचों को दिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025, तेजस्विन शंकर-दिव्या देशमुख भी सम्मानित
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। इस दौरान अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, अनुभवी कोचों और खेलों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर और फिडे महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख समेत 15 अन्य खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया।
तेजस्विन शंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स की डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह इस स्पर्धा में पदक हासिल करने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे। वहीं, दिव्या देशमुख ने फिडे महिला विश्व कप 2025 का खिताब जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। बाकू में हुए फाइनल में उन्होंने रैपिड टाई-ब्रेक मुकाबले में भारत की दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को 1.5-0.5 से हराया था।
इन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में ट्रैक एंड फील्ड एथलीट मुहम्मद अजमल वरियाथोडी, रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाज नरेंद्र, शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती, पैरा शूटर धनुष श्रीकांत, हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी ह्मार्जोर्ट और राजकुमार पाल शामिल हैं।
इसके अलावा कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलीट एकता भ्यान, रोवर अरविंद सिंह और शूटर अखिल श्योराण को भी इस सम्मान से नवाजा गया। भारत की महिला बैडमिंटन डबल्स जोड़ी त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद समारोह में मौजूद नहीं थीं। दोनों जापान मास्टर्स टूर्नामेंट के लिए जापान में हैं।
अनुभवी भारतीय फुटबॉलर इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने खेल करियर में उल्लेखनीय योगदान दिया हो और संन्यास के बाद भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए काम जारी रखा हो।
पांच कोचों को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार
खेलों में खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने वाले कोचों को भी समारोह में सम्मानित किया गया। एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और धर्मेंद्र सिंह यादव, शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण तथा कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया।
द्रोणाचार्य पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हैं। इसका उद्देश्य खेलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण और कोचों के योगदान को पहचान देना है।
साहसिक खेलों में उपलब्धियों के लिए भी सम्मान
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के तहत बलजीत कौर और स्कलजांग रिग्जिन को लैंड एडवेंचर, रिमो साहा को वॉटर एडवेंचर और शिव प्रसाद चमोली को लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार चार श्रेणियों- लैंड एडवेंचर, वॉटर एडवेंचर, एयर एडवेंचर और लाइफटाइम अचीवमेंट में दिए जाते हैं। इनके जरिए साहसिक खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वालों को पहचान दी जाती है। इन पुरस्कारों का मकसद सहनशक्ति, जोखिम उठाने की क्षमता, टीम वर्क और मुश्किल परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने जैसे गुणों को प्रोत्साहित करना है।
आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान प्राप्त किया। यह पुरस्कार उन कॉरपोरेट संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
18 अगस्त को घोषित हुई थी विजेताओं की सूची
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान को मान्यता देने के लिए प्रदान किए जाते हैं। वर्ष 2025 के पुरस्कार विजेताओं की अंतिम सूची खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को घोषित की थी। यह घोषणा भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर की गई थी।
इस साल पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिले थे। चयन समिति में जाने-माने खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता का अनुभव रखने वाले लोग और खेल प्रशासक शामिल थे। समिति ने सभी आवेदनों पर विचार करने के बाद विजेताओं के नामों की सिफारिश की थी।
एक साल से ज्यादा की देरी से हुआ पुरस्कार समारोह
इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में एक साल से अधिक की देरी हुई। आमतौर पर ये पुरस्कार 29 अगस्त को दिए जाते हैं। यह तारीख हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
हालांकि, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स वाले वर्षों में पुरस्कार समारोह की तारीख इन प्रतियोगिताओं के समापन को ध्यान में रखकर तय की जाती है। इसके लिए राष्ट्रपति सचिवालय से भी परामर्श किया जाता है।






