विकसित भारत के लिए सिर्फ मजबूत अर्थव्यवस्था काफी नहीं, युवाओं को चरित्र निर्माण पर भी देना होगा ध्यान: राजनाथ सिंह

rajnath-singh-4
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आध्यात्मिक विकास केवल व्यक्ति की मुक्ति या आत्मिक उन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय चरित्र के निर्माण का भी महत्वपूर्ण रास्ता है। ब्रह्माकुमारीज की स्थापना के 90 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश के नागरिकों में ईमानदारी, परिवारों में संस्कार, समाज में सद्भाव और युवाओं में अनुशासन की भावना मजबूत होगी। इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति के मन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध होना भी जरूरी है।

विकसित भारत का सपना पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था से बड़ा

राजनाथ सिंह ने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था हासिल करना नहीं है। आर्थिक मजबूती इस लक्ष्य का अहम हिस्सा जरूर है, लेकिन देश के विकास की परिकल्पना इससे कहीं व्यापक है। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा, विचार, वाणी, कर्म, समाज और राजनीति को भी आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने की जरूरत है, ताकि एक बेहतर समाज और विश्व का निर्माण हो सके।

रक्षा मंत्री ने कहा कि राजनीतिक फैसले लेते समय केवल अपने लाभ के बारे में नहीं, बल्कि समाज को मिलने वाले फायदे के बारे में भी सोचना चाहिए। राजनीति का उद्देश्य अगला चुनाव जीतना भर नहीं होना चाहिए, बल्कि अगली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाने पर भी ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक, नीति और नैतिकता के आधार पर शासन चलाना ही राजनीति का वास्तविक उद्देश्य है। राजनीति को केवल सत्ता हासिल करने का जरिया नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने का माध्यम बनना चाहिए।

राजनीति में सेवा और राष्ट्रनिर्माण की भावना युवाओं को जोड़ेगी

रक्षा मंत्री ने कहा कि यदि राजनीति में केवल प्रतिस्पर्धा, आरोप-प्रत्यारोप और निजी महत्वाकांक्षाएं दिखाई देंगी, तो युवा इससे दूरी बना सकते हैं। इसके उलट, राजनीति में उन्हें सेवा, राष्ट्रनिर्माण, चरित्र निर्माण और सामाजिक बदलाव की संभावनाएं नजर आएंगी, तो वे इससे जुड़ने के लिए आगे आएंगे।

उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं हैं, बल्कि वर्तमान की भी अहम ताकत हैं। किसी राष्ट्र का भविष्य अचानक तैयार नहीं होता, बल्कि उसकी नींव आज किए जा रहे प्रयासों से पड़ती है। वर्तमान में जो बीज बोया जाता है, आने वाले समय में उसी के अनुरूप परिणाम मिलते हैं।

तकनीक अपनाएं, लेकिन अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें

राजनाथ सिंह ने युवाओं को तकनीक का इस्तेमाल समझदारी से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग जरूर करें, लेकिन उसे खुद पर हावी न होने दें। जानकारी हासिल करें, मगर विवेक बनाए रखें। दुनिया से जुड़ें, लेकिन अपनी सांस्कृतिक जड़ों को न भूलें। उन्होंने कहा कि आधुनिक बनने और अपनी सांस्कृतिक पहचान छोड़ने के बीच अंतर समझना जरूरी है।

उन्होंने युवाओं से करियर के साथ चरित्र निर्माण पर भी बराबर ध्यान देने की अपील की। उनके मुताबिक, ऐसी सफलता का महत्व सीमित है, जिससे केवल व्यक्ति का जीवन बेहतर हो, लेकिन समाज को कोई सकारात्मक दिशा न मिले।

समाज की कमियों को दूर करने की जिम्मेदारी भी उठाएं युवा

रक्षा मंत्री ने कहा कि समाज में कोई कमी दिखाई देने पर केवल उसकी आलोचना करना पर्याप्त नहीं है। उसे दूर करने की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए। यही सोच एक सामान्य युवा को जिम्मेदार नागरिक और जिम्मेदार नागरिक को राष्ट्रनिर्माण का सहभागी बनाती है।

उन्होंने कहा कि यदि युवा ज्ञान के साथ विवेक, शक्ति के साथ संयम, सफलता के साथ संवेदना और महत्वाकांक्षा के साथ राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करें, तो विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने का संकल्प साकार हो सकता है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र