बिना बैंक खाते के भी दूसरे के खाते में भेज सकेंगे ₹50 हजार, RBI ने तय कीं ये सीमाएं और शर्तें
नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने घरेलू मनी ट्रांसफर से जुड़े नियमों को एकीकृत किया है। इसके तहत अब कोई भी व्यक्ति बिना बैंक खाता रखे किसी भी बैंक शाखा में जाकर नकद के रूप में 50 हजार रुपये तक दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में भेज सकेगा। इसके लिए संबंधित बैंक में उसका खाता होना जरूरी नहीं होगा। यह रकम नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड्स ट्रांसफर (NEFT) प्रणाली के जरिए भेजी जा सकेगी। हालांकि, इस सुविधा के तहत लेनदेन की कुछ सीमाएं भी निर्धारित की गई हैं।
एक बार में 10 हजार रुपये तक प्राप्त करने की सीमा
आरबीआई ने धोखाधड़ी और दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए इस व्यवस्था में कई सुरक्षा उपाय तय किए हैं। इसके तहत एक बार में अधिकतम 10 हजार रुपये प्राप्त किए जा सकेंगे। वहीं, एक लाभार्थी के लिए महीनेभर में रकम प्राप्त करने की सीमा 25 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट, एटीएम और अन्य माध्यमों से नकद राशि भेजने पर प्रति लेनदेन अधिकतम 5 हजार रुपये की सीमा होगी। इसके अलावा, पैसे भेजने वाले व्यक्ति के लिए मासिक सीमा भी 25 हजार रुपये तय की गई है। आरबीआई के अनुसार, इन नियमों के जरिए पहले से जारी निर्देशों को एकीकृत किया गया है। लेनदेन की सीमाओं में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है।
प्रवासी श्रमिकों और दिहाड़ी मजदूरों को होगा फायदा
इस व्यवस्था से खासतौर पर उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके पास नियमित बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। प्रवासी श्रमिक और दिहाड़ी मजदूर अब दूसरे शहरों या राज्यों में रहने वाले अपने परिवार के सदस्यों तक आसानी से पैसे पहुंचा सकेंगे।
यह सुविधा ऐसे लोगों के लिए भी मददगार हो सकती है, जिन्हें दूसरे शहरों में काम करने वाले परिवार के सदस्यों से आर्थिक सहायता मिलती है, लेकिन उनका अपना बैंक खाता नहीं है। इस व्यवस्था के तहत वे दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में भेजी गई रकम प्राप्त कर सकेंगे और अधिकृत माध्यमों से नकद निकाल पाएंगे।
मोबाइल नंबर का सत्यापन और KYC दस्तावेज जरूरी
इस सुविधा का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को सत्यापित मोबाइल नंबर के साथ पंजीकरण कराना होगा। साथ ही, आरबीआई के अपने ग्राहक को जानिए (KYC) नियमों के तहत स्व-प्रमाणित आधिकारिक रूप से वैध दस्तावेज जमा करने होंगे। प्रत्येक लेनदेन के दौरान प्रमाणीकरण के एक अतिरिक्त चरण से गुजरना भी अनिवार्य होगा।
पैसे भेजने वाले बैंक को लाभार्थी का नाम और पता दर्ज करके अपने रिकॉर्ड में सुरक्षित रखना होगा। रकम प्राप्त करने वाला व्यक्ति एटीएम, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट या किसी अन्य अधिकृत भुगतान माध्यम से नकदी निकाल सकेगा।
धोखाधड़ी रोकने के लिए बैंकों को निगरानी के निर्देश
केंद्रीय बैंक ने बैंकों और गैर-बैंकिंग संस्थाओं को नकद आधारित मनी ट्रांसफर में धोखाधड़ी और दुरुपयोग रोकने के लिए निगरानी प्रणाली स्थापित करने का निर्देश दिया है। इसके तहत लेनदेन की आवृत्ति पर नजर रखनी होगी। खाते में रकम जमा होने के दौरान अलर्ट भेजने की व्यवस्था भी करनी होगी।
इसके अलावा, किसी विशेष खाते या खातों के समूह में रकम जमा होने की संख्या में असामान्य बढ़ोतरी होने पर उसकी जांच करनी होगी। आरबीआई के इन निर्देशों का उद्देश्य नकद आधारित घरेलू मनी ट्रांसफर को व्यवस्थित करना और इससे जुड़े जोखिमों पर नजर रखना है।






