यूपी में बनेगा देश-दुनिया में मशहूर बुलडोजर, 1200 करोड़ की फैक्ट्री का भूमि पूजन; योगी बोले- बढ़ेगी वैश्विक मांग

klkkf_1794472639949_aaB7_1794472670760_rUFb_1499db4c-4da0-446e-b2e3-d2e6192f51b3_PimZ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अब बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण भी होगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल का नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है। करीब 1200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 100 एकड़ में बनने वाली इस फैक्ट्री की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी गुरुवार को हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है और प्रदेश में निर्माण शुरू होने के बाद इसकी मांग देश ही नहीं, विदेशों में भी बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति तथा बुलडोजर कार्रवाई ने प्रदेश को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में भूमिका निभाई है। उनके मुताबिक, जब यूपी में ही बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो इनकी मांग बढ़ने की संभावना है।

100 एकड़ में बनेगा प्लांट, हजारों लोगों को रोजगार की उम्मीद

सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।

योगी ने कहा कि सरकार उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को प्रशिक्षण देने पर काम कर रही है, ताकि नई परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।

जेवर को औद्योगिक और निवेश के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी अपराध के कारण चर्चा में रहने वाला जेवर अब निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक गतिविधियों को गति मिल रही है।

उन्होंने क्षेत्र में विकसित हो रही विभिन्न परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पलायन, पिछड़ेपन और अराजकता जैसी समस्याओं से जूझ रहा था, लेकिन अब प्रदेश निवेश और कारोबार के नए केंद्र के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। इसी तरह स्टार्टअप की संख्या भी 120 से बढ़कर 25 हजार तक पहुंच गई है।

टाटा-सैमसंग समेत बड़ी कंपनियों के सहयोग से युवाओं को प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित और रोजगार के लिए तैयार कार्यबल विकसित कर रही है। इसके लिए टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम और इंफोसिस जैसी कंपनियों के सहयोग से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आईटी, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में भी निवेश और रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सीएनएच इंडस्ट्रियल का नया प्लांट इसी औद्योगिक विस्तार की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र