ईरान से तेल कारोबार का बड़ा खुलासा! भारत की 9 कंपनियां अमेरिकी रडार पर, चंडीगढ़ से चल रहा था प्रतिबंधित नेटवर्क
वाशिंगटन: अमेरिका ने ईरान के साथ प्रतिबंधित तेल कारोबार में कथित रूप से शामिल भारतीय कारोबारी, उनकी पत्नी और भारत की नौ कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई की है। अमेरिकी सरकार ने इन सभी पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को दरकिनार कर ईरान के तेल का कारोबार जारी रखने में मदद की जा रही थी।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय कारोबारी सुनील कुमार शर्मा और उनकी पत्नी जसप्रीत प्रीति शाहिद इस कथित नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। दोनों पर समुद्री धोखाधड़ी के जरिए प्रतिबंधित तेल के परिवहन में शामिल जहाजों को मदद पहुंचाने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि दंपति ने जहाजों के लिए फर्जी समुद्री पंजीकरण और राष्ट्रीय झंडे से संबंधित प्रमाणपत्र तैयार कराए थे। इन दस्तावेजों के सहारे ईरानी तेल ले जाने वाले जहाज अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बावजूद अपना संचालन जारी रख पा रहे थे।
चंडीगढ़ से संचालित हो रहा था पूरा नेटवर्क, फर्जी वेबसाइटों का भी इस्तेमाल
अमेरिकी वित्त मंत्रालय के अनुसार, सुनील कुमार शर्मा और उनकी पत्नी चंडीगढ़ से इस कथित नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। आरोप है कि दोनों ने कई देशों के समुद्री प्रशासनिक अधिकारियों की पहचान का दुरुपयोग करते हुए फर्जी समुद्री पंजीकरण व्यवस्थाएं तैयार की थीं।
इस काम के लिए ऐसी वेबसाइटें भी बनाई गई थीं, जो अलग-अलग देशों के नाम पर जहाजों का पंजीकरण कराने और उन्हें समुद्री झंडे से जुड़े प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने का दावा करती थीं। इन वेबसाइटों के जरिए नाविकों को प्रशिक्षण देने और जहाजों के वर्गीकरण जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराने की बात कही जाती थी। हालांकि, संबंधित देशों ने ऐसी सेवाएं देने के लिए किसी तरह की आधिकारिक अनुमति नहीं दी थी।





