4000 करोड़ की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर की बेटी राहा की भी एंट्री! सीता और लक्ष्मण के साथ की शूटिंग, जानिए क्या होगा किरदार
रामायण की कहानियां सुनकर राहा का बढ़ा जुड़ाव
बीबीसी न्यूज इंडिया को दिए इंटरव्यू में रणबीर कपूर ने बताया कि राहा को रामायण की कहानियों में काफी दिलचस्पी है। वह और उनकी पत्नी आलिया भट्ट घर पर अक्सर बेटी को रामायण की कहानियां सुनाते हैं। इसी वजह से राहा का इस कहानी से भावनात्मक जुड़ाव भी हो गया है।
रणबीर के अनुसार, राहा कई बार फिल्म के सेट पर आती थीं। इस दौरान उन्होंने साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ शूटिंग भी की। अभिनेता ने कहा कि राहा भी इस पूरी फिल्मी यात्रा का हिस्सा रही हैं। उन्हें खुशी है कि यह पहली कहानी होगी, जिसे उनकी बेटी बड़े पर्दे पर देखेगी।
पिता बनने के बाद भगवान राम के किरदार को समझने का नजरिया बदला
रणबीर कपूर के लिए ‘रामायण’ सिर्फ एक बड़ी फिल्म नहीं, बल्कि परिवार से जुड़ा खास अनुभव भी बन गई है। इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि बेटी राहा के जन्म ने भगवान राम की भूमिका निभाने और रामायण की कहानी को समझने में किस तरह मदद की।
इस पर अभिनेता ने कहा कि पिता बनने के बाद उनके भीतर बेहतर इंसान बनने की इच्छा और मजबूत हुई है। उनके मुताबिक, रामायण उनकी जिंदगी में बिल्कुल सही समय पर आई और इसी दौरान वह पिता भी बने। इस अनुभव ने भगवान राम के चरित्र को समझने के उनके नजरिये को भी प्रभावित किया।
नितेश तिवारी कर रहे हैं फिल्म का निर्देशन
फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि नमित मल्होत्रा इसके निर्माता हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। रवि दुबे लक्ष्मण और साउथ के सुपरस्टार यश रावण का किरदार निभा रहे हैं। वहीं, सनी देओल हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे।
इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, लारा दत्ता, अरुण गोविल और कुणाल कपूर सहित कई कलाकार भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
दो भागों में रिलीज होगी 4000 करोड़ की रामायण
‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दीपावली के अवसर पर रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग अगले साल दीपावली पर सिनेमाघरों में आएगा। निर्माता नमित मल्होत्रा के मुताबिक, फिल्म के दोनों भागों का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। इसी भारी-भरकम बजट के चलते इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी और महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है।
राहा के किरदार को लेकर बढ़ी उत्सुकता
फिल्म की रिलीज से पहले रणबीर कपूर के इस खुलासे ने दर्शकों के बीच एक नई चर्चा छेड़ दी है। राहा का फिल्म के सेट पर साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ शूटिंग करना फैंस के लिए खास आकर्षण बन गया है। हालांकि, फिल्म में उनकी भूमिका कितनी बड़ी होगी और क्या वह पर्दे पर भी नजर आएंगी, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है।





