योगी आदित्यनाथ का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- अपराधियों को संरक्षण देती हैं दोनों पार्टियां; 520 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

yogi
गोंडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल अपराधियों को प्रश्रय देते हैं। उन्होंने कहा कि सपा जब भी सत्ता में आई, प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और अपराध का माहौल बना। उस दौरान पर्व-त्योहारों से पहले उपद्रव होते थे और गरीबों के अधिकारों के साथ युवाओं के रोजगार पर भी चोट पहुंचाई जाती थी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार में प्रदेश की स्थिति बदली है और अब लोग बिना डर के अपने त्योहार मना रहे हैं।

गोंडा को 520 करोड़ से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोंडा के छपिया विकासखंड की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, शिक्षा और पुल निर्माण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र और अन्य सामग्री भी वितरित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास का दायरा सैफई तक सीमित रहता था, लेकिन अब प्रदेश के सभी 75 जिलों में विकास योजनाएं पहुंच रही हैं। उनके मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक और पूरे देवीपाटन मंडल के लिए करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। वर्ष 2023 में गोंडा को तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें कई परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं।

मेडिकल कॉलेज से लेकर सड़कों तक, विकास कार्यों का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले गोंडा की सड़कें खराब थीं और क्षेत्र पिछड़ेपन की समस्या से जूझ रहा था। अब यहां महाराजा देवी बख्श सिंह मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय स्थापित हैं। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज बन चुका है, जबकि बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है।

उन्होंने बताया कि गोंडा-अयोध्या और बलरामपुर-गोंडा मार्ग के चौड़ीकरण को भी केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन और विकास को गति मिलेगी।

नवरात्र और कांवड़ यात्रा का जिक्र कर सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान धार्मिक आयोजनों और पूजा-पाठ में बाधाएं खड़ी की जाती थीं। उन्होंने कहा कि पहले घरों में मां दुर्गा की पूजा करने पर भी कुछ लोग विरोध और शिकायत करते थे, जिसके बाद सरकार पूजा पर रोक लगा देती थी। इसके विपरीत इस वर्ष नवरात्र के दौरान प्रदेशभर में 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं।

योगी ने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस यात्रा में बाधाएं पैदा की जाती थीं, जबकि अब गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने दो नवंबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी की घटना का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं, जबकि भाजपा सरकार में राम मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई।

छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की कार्ययोजना तैयार की गई है। उनके मुताबिक, अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। इसी सप्ताह साढ़े चार हजार दरोगाओं, दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों और इसके बाद 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। शिक्षकों और अन्य विभागों में भी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। अग्निवीरों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद लौटने वाले जवानों को पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन और कारागार समेत विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें बिना परीक्षा सीधी भर्ती का अवसर भी मिलेगा। इसके अलावा पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी और खेल अधिकारी जैसे पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं।

बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे अपराधियों के लिए जेल के अलावा कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब माफिया विकास परियोजनाओं में बाधा नहीं बन सकते। निवेश बढ़ने से गोंडा के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

पराली और गोबर से किसानों की आय बढ़ाने की योजना

मुख्यमंत्री ने किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए पराली और गोबर से संपीड़ित जैव गैस तैयार करने वाली परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी सरकार काम कर रही है। गोंडा के बाबा पृथ्वीनाथ, मां बाराही और स्वामीनारायण छपिया जैसे आस्था स्थलों के विकास का भी उल्लेख किया।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र