ईशान किशन तीसरे टी20 से भी बाहर, BCCI का ऐलान; कुमार कुशाग्र संभालेंगे बैकअप विकेटकीपर की जिम्मेदारी
दाएं पैर की जांघ में लगी थी चोट
ईशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मुकाबले के दौरान दाएं पैर की जांघ की मांसपेशियों में हल्की चोट लगी थी। इसे लो-ग्रेड एडिक्टर स्ट्रेन बताया गया है। चोट के कारण उन्हें पहले मैच में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करनी पड़ी थी।
इसके बाद टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बताया था कि ईशान पूरी तरह फिट नहीं हैं और दूसरे टी20 मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। बाद में बीसीसीआई ने उनके दूसरे मैच से बाहर होने की पुष्टि करते हुए रिप्लेसमेंट का भी ऐलान किया था।
BCCI ने ईशान की फिटनेस पर दिया अपडेट
बीसीसीआई ने 26 अक्टूबर को अपने आधिकारिक बयान में बताया कि ईशान किशन चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी मैच फिटनेस हासिल करनी है। बोर्ड की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रख रही है।
ईशान को पूरी तरह फिट होने के लिए समय दिया जा रहा है। इसी वजह से वह 27 अक्टूबर को वेलिंग्टन में खेले जाने वाले तीसरे टी20 मुकाबले में भी उपलब्ध नहीं रहेंगे।
कुमार कुशाग्र टीम के साथ बने रहेंगे
ईशान किशन के विकल्प के तौर पर विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया था। वह दूसरे मुकाबले के लिए टीम से जुड़े थे, लेकिन अब तीसरे मैच के लिए भी टीम के साथ वेलिंग्टन पहुंच गए हैं।
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 मैच के लिए टीम के साथ बने रहेंगे। वह ईशान की अनुपस्थिति में बैकअप विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे।





