एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान में बम का अलर्ट, दिल्ली जा रहे विमान की जयपुर में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
जयपुर एयरपोर्ट पर विमान की गहन जांच
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विमान के जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षाकर्मियों ने उसकी तलाशी शुरू की।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल, जांच के अंतिम नतीजों और विमान के दिल्ली के लिए दोबारा रवाना होने के समय की पुष्टि नहीं हुई है।
भारतीय हवाई क्षेत्र के पास मिला सुरक्षा अलर्ट
बताया जा रहा है कि विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के करीब पहुंच रहा था, तभी सुरक्षा अलर्ट मिला। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी गई।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय जयपुर की ओर मोड़ने का फैसला किया गया। इसके बाद जयपुर एयरपोर्ट पर विमान की आपात लैंडिंग कराई गई।
बम की धमकी या विमान अपहरण की अफवाह?
एक एयरपोर्ट अधिकारी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर अमर उजाला को बताया कि मामला बम की धमकी का नहीं, बल्कि विमान के अपहरण की अफवाह से जुड़ा था। हालांकि, अधिकारी ने यह भी कहा कि जांच अभी जारी है।
ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सुरक्षा अलर्ट किस वजह से जारी हुआ था। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
31 अगस्त को भी विमान की करानी पड़ी थी इमरजेंसी लैंडिंग
एअर इंडिया समूह के विमान से जुड़ी ऐसी ही घटना 31 अगस्त 2026 को भी सामने आई थी। उस समय सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-170 के शौचालय में ‘BOMB’ लिखा हुआ टिश्यू पेपर मिला था।
इसके बाद पायलट ने विमान को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया था और वहां उसकी आपात लैंडिंग कराई गई थी। विमान में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित थे। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।





