6 अक्टूबर से महंगी होगी हवाई यात्रा, इंडिगो ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज; यात्रियों से 10,000 रुपये तक वसूले जाएंगे
नई दिल्ली: मंगलवार, 6 अक्टूबर से हवाई सफर महंगा होने जा रहा है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों को देखते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है। इंडिगो के मुताबिक नया फ्यूल सरचार्ज 6 अक्टूबर से लागू होगा।
एयरलाइन ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि घरेलू उड़ानों में यात्रा की दूरी के आधार पर फ्यूल सरचार्ज में 100 रुपये से 350 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया गया है, जिसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक भुगतान करना होगा।
घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से लगेगा सरचार्ज
इंडिगो के अनुसार 6 अक्टूबर को रात 12:01 बजे से घरेलू उड़ानों में दूरी के आधार पर प्रति यात्री फ्यूल सरचार्ज तय किया गया है। 500 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 375 रुपये, 1000 किलोमीटर तक के लिए 600 रुपये, 1500 किलोमीटर तक के लिए 900 रुपये और 2000 किलोमीटर तक की यात्रा पर 1150 रुपये फ्यूल सरचार्ज देना होगा।
वहीं, 2000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाली घरेलू उड़ानों के लिए प्रत्येक यात्री से 1300 रुपये का फ्यूल सरचार्ज वसूला जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 10 हजार रुपये तक अतिरिक्त बोझ
इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए प्रति यात्री 1000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज तय किया है। सार्क देशों में 500 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 1000 रुपये और 501 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा के लिए 3000 रुपये सरचार्ज लगेगा।
दक्षिण पूर्व एशिया, खाड़ी देशों और मध्य पूर्व के साथ-साथ उत्तरी और पूर्वी एशिया की यात्रा के लिए 5500 रुपये का फ्यूल सरचार्ज तय किया गया है। अफ्रीका जाने वाले यात्रियों से 6000 रुपये और यूरोप की यात्रा करने वाले यात्रियों से 10,000 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लिया जाएगा।
ATF की बढ़ती कीमतों का असर हवाई सफर पर
इंडिगो ने फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी का फैसला एविएशन फ्यूल यानी ATF की बढ़ती कीमतों को ध्यान में रखते हुए लिया है। नया शुल्क लागू होने के बाद 6 अक्टूबर से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों में यात्रियों की टिकट लागत बढ़ जाएगी।





