सीएम योगी ने पूरी की 30 साल पुरानी मांग, गंगा पर बनेगा 1.32 किमी लंबा पुल; भदोही-प्रयागराज के बीच सीधा होगा संपर्क
संत रविदास नगर भदोही: गंगा पर पक्के पुल के लिए तीन दशक से अधिक समय से इंतजार कर रहे कोनिया क्षेत्र के लोगों की बड़ी मांग रविवार को पूरी हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतामढ़ी-धनतुलसी-डेंगुरपुर घाट पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले 1.32 किलोमीटर लंबे सेतु का शिलान्यास किया। पुल के साथ पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे। इसके बनने के बाद भदोही के धनतुलसी से प्रयागराज के मांडा क्षेत्र स्थित डेंगुरपुर तक सीधा सड़क संपर्क हो जाएगा।
इस पुल से भदोही और प्रयागराज के अलावा मिर्जापुर, वाराणसी और जौनपुर की राह भी आसान होगी। यानी उत्तर प्रदेश के पांच जिलों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। मिर्जापुर के रास्ते मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले लोगों के लिए भी सफर सुगम होगा।
बरसात में पीपा पुल और नाव पर निर्भरता होगी खत्म
धनतुलसी-डेंगुरपुर घाट पर फिलहाल गंगा पार करने के लिए पीपा पुल और नाव का सहारा लेना पड़ता है। बरसात में जलस्तर बढ़ने पर पीपा पुल हटा दिया जाता है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। पक्का पुल बनने के बाद कोनिया और मांडा क्षेत्र की सवा लाख से अधिक आबादी को पूरे साल गंगा पार करने का रास्ता उपलब्ध रहेगा।
पुल बनने से पढ़ाई, इलाज, बाजार और रोजमर्रा के दूसरे कामों के लिए आने-जाने में लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
सीतामढ़ी आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा सीधा रास्ता
गंगा किनारे स्थित सीता समाहित स्थल सीतामढ़ी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह पुल महत्वपूर्ण साबित होगा। प्रयागराज की ओर से आने वाले लोगों को सीधा रास्ता मिलेगा। इससे आसपास के बाजारों और छोटे कारोबारियों को भी फायदा होने की उम्मीद है।
भदोही के कालीन कारोबार को मिलेगा बेहतर संपर्क
भदोही के कालीन कारोबार के लिए भी यह पुल अहम माना जा रहा है। प्रयागराज की ओर सीधा सड़क संपर्क होने से माल के आवागमन में आसानी होगी। कारोबारियों का कहना है कि पुल बनने से व्यापार के लिए नए क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी।
अंजनी कारपेट, खमरिया के पीयूष कुमार बरनवाल ने कहा कि इस पुल का बहुत लंबे समय से इंतजार था। अब काम शुरू होने जा रहा है तो क्षेत्र के लोगों में खुशी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया।
त्रिवेणी रग इंडस्ट्रीज, छतमी गोपीगंज के शाश्वत पांडेय ने कहा कि पुल कालीन कारोबार के लिए काफी उपयोगी होगा। प्रयागराज की तरफ संपर्क बेहतर होने से व्यापार को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
कालीन निर्यात संवर्धन परिषद की प्रशासनिक समिति के पूर्व सदस्य राजेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि भदोही का कालीन दुनिया भर में जाता है और यह पुल कारोबार के लिए नए रास्ते खोलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र की बड़ी जरूरत पूरी की है।
पक्का पुल बनने से परिवारों की मुश्किलें होंगी कम
गृहिणी एवं समाजसेवी सरिता गुप्ता ने कहा कि बरसात के दिनों में गंगा पार करना बड़ी परेशानी बन जाता है। पक्का पुल बनने से बच्चों की पढ़ाई से लेकर इलाज और रोजमर्रा के काम तक आसान होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया।





