बैंक कर्मचारियों को हर शनिवार छुट्टी की खबर निकली फर्जी, सरकार ने साफ किया- अभी नहीं जारी हुई ऐसी अधिसूचना

bank

नई दिल्ली: बैंक कर्मचारियों को हर शनिवार अवकाश मिलने की सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही खबर को सरकार ने खारिज कर दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि वित्त मंत्रालय की ओर से सरकारी बैंकों में हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने को लेकर कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

पीआईबी की फैक्ट चेक यूनिट ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वायरल दावे को फर्जी बताया। फैक्ट चेक यूनिट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के नाम से एक राजपत्र वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि केंद्र सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक समेत सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। यह दावा सही नहीं है।

वायरल हुआ था ‘भारत का राजपत्र’ नाम से फर्जी दस्तावेज

सोशल मीडिया पर ‘भारत का राजपत्र’ नाम से एक दस्तावेज वायरल हो रहा था। इसमें दावा किया गया था कि विनिमय लेख अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत केंद्र सरकार ने लोकहित में भारतीय स्टेट बैंक समेत सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सभी शाखाओं में प्रत्येक शनिवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित कर दिया है।

वायरल दस्तावेज में यह भी दावा किया गया था कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। हालांकि, पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने स्पष्ट किया कि वित्त मंत्रालय ने सरकारी बैंकों में हर शनिवार को अवकाश घोषित करने वाली ऐसी कोई अधिसूचना जारी नहीं की है।

पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह को लेकर पहले घोषित हुई थी हड़ताल

बैंक कर्मचारियों की ओर से सप्ताह में पांच दिन कार्यदिवस की मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया गया था। हालांकि, बाद में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच हुई बैठक के बाद आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति बनी।

यूएफबीयू के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे आईबीए और यूएफबीयू के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। इसमें बैंक कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

शेष शनिवार की छुट्टी पर बातचीत जारी रखने का फैसला

बैठक में तय किया गया कि बैंकों में शेष शनिवार को भी अवकाश घोषित करने समेत विभिन्न मुद्दों पर बातचीत और समाधान की प्रक्रिया आगे जारी रखी जाएगी। इसके बाद यूएफबीयू ने अपने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को टालने पर सहमति जताई।

पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति

बैठक में यह भी तय किया गया कि बैंकों में शेष शनिवार को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार करने के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी। यह समिति पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह से जुड़े सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी।

इसके अलावा समिति विभिन्न हितधारकों के साथ चर्चा करेगी और ऐसा समाधान तलाशने की कोशिश करेगी, जो बैंक कर्मचारियों और अन्य पक्षों के साथ-साथ बैंक ग्राहकों के लिए भी स्वीकार्य हो।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र