नोएडा एयरपोर्ट से अकासा एयर का नेटवर्क बढ़ा, कोलकाता-बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ानें शुरू; मुंबई रूट में भी बड़ा बदलाव
नई दिल्ली: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। अकासा एयर ने जेवर एयरपोर्ट से अपने हवाई नेटवर्क का विस्तार करने का फैसला किया है। एयरलाइन 1 अक्टूबर 2026 से कोलकाता और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगी। इससे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को इन दोनों शहरों के लिए सीधे हवाई सफर का विकल्प मिलेगा।
कोलकाता रूट पर अकासा एयर की फ्लाइट संख्या QP 1569 सुबह 10:30 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना होगी और करीब 2 घंटे 20 मिनट में दोपहर 12:50 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट संख्या QP 1570 दोपहर 1:30 बजे कोलकाता से उड़ान भरेगी और शाम 3:50 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगी। इस सेवा से नोएडा और कोलकाता के बीच सीधा हवाई संपर्क उपलब्ध होगा।
बेंगलुरु के लिए भी शुरू होगी सीधी उड़ान
बेंगलुरु रूट पर फ्लाइट संख्या QP 1525 सुबह 7 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर सुबह 9:45 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। वहीं, नोएडा से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट संख्या QP 1526 शाम 4:30 बजे जेवर से रवाना होगी और रात 7:20 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।
अकासा एयर फिलहाल नोएडा एयरपोर्ट से अहमदाबाद और पुणे जाने वाले यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा भी दे रही है। नए सीधे रूट शुरू होने के बाद यात्रियों के पास हवाई यात्रा के विकल्प बढ़ जाएंगे।
मुंबई की सीधी सेवा बंद, नवी मुंबई के लिए नई उड़ान
अकासा एयर ने नोएडा एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाली अपनी दैनिक सीधी सेवा में भी बदलाव किया है। एयरलाइन 30 सितंबर 2026 के बाद मुंबई की इस सेवा को बंद कर देगी। दोपहर 2:10 बजे वाली मुंबई फ्लाइट की बुकिंग भी रोक दी गई है। इसके साथ ही नोएडा से मुंबई के लिए अकासा एयर की मौजूदा सीधी उड़ान समाप्त हो जाएगी।
हालांकि, यात्रियों को नवी मुंबई के लिए नया सीधा विकल्प मिलेगा। 1 अक्टूबर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नवी मुंबई के लिए उड़ान शुरू होगी। यह फ्लाइट सुबह 11 बजे जेवर से रवाना होगी और दोपहर 1:15 बजे नवी मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पहुंचेगी।
दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के यात्रियों को फायदा
कोलकाता, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए नई हवाई सेवाओं से नोएडा एयरपोर्ट का नेटवर्क और विस्तृत होगा। खास तौर पर दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को इन शहरों के लिए जेवर से सीधे उड़ान का विकल्प मिलेगा। इससे यात्रियों को दूसरे एयरपोर्ट से उड़ान पकड़ने या अतिरिक्त कनेक्टिंग यात्रा करने की जरूरत कम हो सकती है।





