‘पति के खाते में पाकिस्तान से आए 300 करोड़’, ATS अधिकारी बनकर महिला को किया डिजिटल अरेस्ट; 4.5 लाख की ठगी, यूपी से 2 गिरफ्तार
बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गोमिया थाना क्षेत्र की एक महिला को महाराष्ट्र एटीएस का अधिकारी बनकर फोन किया गया और उसके पति के बैंक खाते में पाकिस्तान के एक खाते से 300 करोड़ रुपये आने की बात कही गई। इसके बाद गिरफ्तारी का डर दिखाकर महिला को डिजिटल अरेस्ट किया गया और अलग-अलग माध्यमों से उससे कुल 4.50 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले की जांच के बाद बोकारो साइबर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पाकिस्तान से 300 करोड़ आने का दिखाया डर
पुलिस के अनुसार, 13 मार्च 2026 को गोमिया थाना क्षेत्र की रहने वाली वादिनी पुष्पलता त्रिपाठी को साइबर अपराधियों ने फोन किया। आरोपियों ने खुद को महाराष्ट्र एटीएस का अधिकारी बताया। महिला को बताया गया कि उसके पति के खाते में पाकिस्तान के एक खाते से 300 करोड़ रुपये अवैध तरीके से आए हैं और इसके बदले उन्हें 16 लाख रुपये का कमीशन मिला है।
इसके बाद आरोपियों ने महिला को गिरफ्तारी का डर दिखाया और डिजिटल अरेस्ट कर लिया। इसी दौरान अलग-अलग माध्यमों से उससे कुल 4.50 लाख रुपये की रकम ठग ली गई।
साइबर थाना में दर्ज हुआ मामला
घटना को लेकर साइबर अपराध थाना कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सह साइबर अपराध थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान आरोपियों का सुराग उत्तर प्रदेश के आगरा तक पहुंचा, जिसके बाद वहां छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
आगरा से दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 23 वर्षीय रवि कुमार, निवासी नगला हरमुख, आगरा और 21 वर्षीय ऋतिक कुशवाहा, निवासी खेड़ा मोहल्ला, खेरागढ़, आगरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मोबाइल फोन में साइबर ठगी से जुड़े लेन-देन के ऑडियो और संदेशों के साक्ष्य मिले हैं। दोनों मोबाइल को विधिवत जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
4.30 लाख रुपये पीड़ितों को वापस कराए गए
बोकारो साइबर अपराध थाना पुलिस ने साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के जरिए रकम वापस कराने की कार्रवाई भी की। पुलिस के अनुसार, कुल 4,30,009 रुपये की ठगी की राशि वापस कराई जा चुकी है।
इसमें 16 खाताधारकों के खातों में कुल 1,50,957 रुपये लौटाए गए हैं। इसके अलावा कांड संख्या 35/2026 के खाताधारक प्रवीण कुमार के एचडीएफसी बैंक खाते में 2,79,052 रुपये वापस कराए गए हैं।
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों से खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपियों तक पहुंचने में तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों की अहम भूमिका रही। टीम ने राज्य से बाहर जाकर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार्रवाई में शामिल कर्मियों को उनके बेहतर कार्य के लिए पुरस्कृत किए जाने की बात भी कही है।
छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक गौरव गोयल, पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार पंडित, पुलिस अवर निरीक्षक रमेश कुमार, आरक्षी 565 रितेश कुमार और आरक्षी 1426 सुनील मंडल शामिल रहे।





