नौकरी के साथ IIT दिल्ली का नया ऑनलाइन कोर्स, 7 महीने में सीखें एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट; ग्रेजुएट्स कर सकते हैं आवेदन
नई दिल्ली: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली ने छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए 7 महीने का एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम इन एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट शुरू किया है। यह कार्यक्रम आईआईटी दिल्ली के कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम के तहत संचालित किया जाएगा। खास बात यह है कि नौकरी या पढ़ाई के साथ इसे ऑनलाइन पूरा किया जा सकेगा।
आज के दौर में कंपनियों, स्टार्टअप और बड़े कॉरपोरेट संस्थानों में ऐसे पेशेवरों की मांग बढ़ रही है, जो बड़े प्रोजेक्ट को तय समय और बजट के भीतर पूरा कराने में सक्षम हों। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से जुड़े आधुनिक कौशल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
लाइव ऑनलाइन कक्षाओं के जरिए होगी पढ़ाई
एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कार्यक्रम पूरी तरह ऑनलाइन लाइव सत्रों के माध्यम से संचालित होगा। 7 महीने के दौरान अभ्यर्थियों को प्रोजेक्ट प्लानिंग, जोखिम प्रबंधन, बजट तैयार करने, एजाइल पद्धति और आधुनिक डेटा विश्लेषण की जानकारी दी जाएगी।
पढ़ाई के दौरान प्रोजेक्ट आधारित केस स्टडी और व्यावहारिक अभ्यास भी कराए जाएंगे, ताकि प्रतिभागी सीखी गई बातों को वास्तविक परिस्थितियों में लागू करना समझ सकें। कार्यक्रम 26 सितंबर 2026 से शुरू होगा और 21 मार्च 2027 को पूरा होगा।
ग्रेजुएट्स के साथ डिप्लोमा धारक भी कर सकते हैं आवेदन
इस कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उनके पास कार्य अनुभव होना चाहिए।
यह कार्यक्रम मिड-लेवल मैनेजर, प्रोजेक्ट लीडर, उद्यमी और युवा ग्रेजुएट्स के लिए उपयोगी है। खासतौर पर वे लोग जो प्रबंधन क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता बढ़ाकर आगे चलकर नेतृत्व की भूमिका हासिल करना चाहते हैं, इस कार्यक्रम का लाभ उठा सकते हैं।
क्विज, असाइनमेंट और कैपस्टोन प्रोजेक्ट से होगा मूल्यांकन
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों का मूल्यांकन क्विज, असाइनमेंट और कैपस्टोन प्रोजेक्ट के आधार पर किया जाएगा। निर्धारित न्यूनतम उपस्थिति और सभी मूल्यांकन मानदंड पूरे करने वाले अभ्यर्थियों को आईआईटी दिल्ली की ओर से एग्जीक्यूटिव सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक छात्र और नौकरीपेशा अभ्यर्थी आईआईटी दिल्ली के कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम पोर्टल के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के दौरान शैक्षणिक दस्तावेज, फोटो पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करना होगा। सीटें सीमित होने के कारण इच्छुक अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।





