हरदोई में शिकायत करना छात्रा को पड़ा भारी! शिक्षक की पिटाई के बाद 8वीं की छात्रा की मौत, स्कूल में मचा हड़कंप

Untitled-1-copy-7

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई में कक्षा आठ की छात्रा क्षमा दीक्षित की इलाज के दौरान मौत के बाद संविलियन विद्यालय साहुआपुर का मामला गंभीर हो गया है। भरखनी ब्लॉक के इस विद्यालय में छात्रा की सहपाठी से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। पिता उमेश दीक्षित का आरोप है कि क्षमा ने इसकी शिकायत शिक्षक राजेंद्र कुमार गंगवार से की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद शिक्षक ने छात्रा के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे फर्रुखाबाद ले गए, जहां 30 अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्रा कथित तौर पर अपने साथ हुई मारपीट की घटना के बारे में बताती दिखाई दे रही है। परिजनों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता विद्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय शिक्षक ने छात्रा का इलाज कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद विद्यालय की ओर से बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी नहीं ली गई। हालत गंभीर होने पर उसे 26 अगस्त को फर्रुखाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई।

पिता ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

बेटी की मौत के बाद पिता उमेश दीक्षित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कठोर कार्रवाई करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने विद्यालय में मौजूद शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के बयान दर्ज करने के साथ इलाज से जुड़े अभिलेखों की भी जांच कराने की मांग की है।

दो शिक्षक निलंबित, विभाग ने शुरू की जांच

मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील सिंह मौके पर पहुंचे। विभाग की ओर से बताया गया कि विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक अक्षत और सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार, दोनों को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फर्रुखाबाद में छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस के अनुसार, पिता की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छात्रा की मौत और सामने आए वायरल वीडियो के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिकायत किए जाने पर कार्रवाई और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही छात्रा की मौत की वास्तविक वजह तथा घटना में जिम्मेदारी तय होने की स्थिति स्पष्ट होगी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र