अंकित बालियान हत्याकांड पर सियासी घमासान, भाजपा बोली- योगी सरकार अपराध की जाति नहीं, अपराधी का अपराध देखती है
लखनऊ: शामली के अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपियों के एनकाउंटर को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं ने तीखा पलटवार किया है। प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने अखिलेश यादव के बयान को गलत नैरेटिव बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जा रहा है। नेताओं का कहना है कि योगी सरकार अपराधी की जाति नहीं देखती, बल्कि उसके अपराध के आधार पर कार्रवाई करती है।
भाजपा ने विपक्ष पर लगाया आरोपों की राजनीति करने का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष, खासकर अखिलेश यादव का अब किसी भी संस्था पर भरोसा नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल आरोप लगाने की राजनीति कर रहा है और समाजवादी पार्टी के मुखिया जाति की राजनीति कर रहे हैं।
अपराधी किसी भी जाति का हो, कार्रवाई होगी: संजय निषाद
मंत्री संजय निषाद ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और अपराधी की पहचान उसके अपराध से होती है। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे किसी भी जाति या वर्ग का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश सरकार अपराध के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है।
संजय निषाद के मुताबिक किसी अपराधी की पहचान करने, उसे पकड़ने, जांच पूरी करने और उसके खिलाफ पुख्ता साक्ष्य जुटाने में समय लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग ऐसी कार्रवाई को राजनीतिक रंग देने का प्रयास करते हैं। सरकार की प्राथमिकता किसी निर्दोष के साथ अन्याय न होने देना और पीड़ित को न्याय दिलाना है।
अखिलेश सरकार में कानून का राज नहीं था: दयाशंकर सिंह
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जिन अपराधियों को पहले राजनीतिक संरक्षण मिलता था, उनमें कई प्रदेश छोड़कर चले गए, कई जेल में हैं और कई मुठभेड़ में मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से अखिलेश यादव बौखलाहट में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।
दयाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में कानून का राज नहीं था और उस समय समाजवादी पार्टी के संरक्षण में गुंडे खुलेआम गुंडागर्दी करते थे। उन्होंने कहा कि आज वही पुलिस, वही एसएसपी और वही डीजीपी हैं, लेकिन व्यवस्था बदल चुकी है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित है।
अपराधियों को सजा मिलने पर सवाल क्यों: दिनेश शर्मा
भाजपा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि अंकित बालियान की हत्या करने वाले अपराधियों को दंड दिलाने के लिए पुलिस अपनी जान जोखिम में डालकर काम कर रही थी। ऐसे में पुलिस की आलोचना करना दुखद है। उन्होंने कहा कि अंकित बालियान लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे और उनकी जघन्य हत्या की गई थी।
उन्होंने कहा कि अपराधी सीसीटीवी में भी कैद हुए थे। ऐसे अपराधियों को विधिक प्रक्रिया के तहत दंड मिला तो इसमें गलत क्या है। उन्होंने कहा कि अगर कोई पुलिस के साथ छेड़छाड़ करेगा तो पुलिस उसका जवाब देगी।
बृजलाल का आरोप, आतंकवादियों के मुकदमे वापस लेने की कोशिश हुई
भाजपा के राज्यसभा सांसद और पूर्व डीजीपी बृजलाल ने अखिलेश यादव के आरोपों को फर्जी नैरेटिव बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की सरकार के दौरान आतंकवादियों के 14 मुकदमे वापस लेने की कोशिश की गई थी। इनमें रामपुर हमले से जुड़े दो पाकिस्तानी आरोपियों के मामले भी शामिल थे।
बृजलाल ने कहा कि एसटीएफ और एटीएस की कार्रवाई पर सवाल उठाने के बजाय उनके काम को देखा जाना चाहिए।
भाजपा विधायक पूजा पाल बोलीं, पीड़ित परिवारों को मिल रहा न्याय
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल ने कहा कि अखिलेश यादव शायद भूल जाते हैं कि उनकी और उनके पिता की सरकारों के दौरान प्रदेश की स्थिति कैसी थी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराध होने के बाद भी अपराधियों को सजा मिल रही है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के खिलाफ जिस तरह कार्रवाई की जा रही है, वैसी कार्रवाई पिछली सरकारों में देखने को नहीं मिली।
कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं, माफिया और शूटरों पर कार्रवाई जारी
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने अखिलेश यादव पर लगातार गलत नैरेटिव गढ़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
नीरज सिंह ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि माफिया और शूटरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपराधियों को मिट्टी में मिलाने की बात कही थी और सरकार उसी दिशा में काम कर रही है।
भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने सपा पर लगाया जाति की राजनीति का आरोप
भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर जाति की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकारों में जाति के आधार पर भर्ती, जमीन और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भेदभाव के आरोप लगते रहे हैं। उनके मुताबिक मौजूदा प्रदेश सरकार निष्पक्षता के साथ काम कर रही है और अपराधी की कोई जाति नहीं होती।





