भारत-बांग्लादेश सीमा पर BSF का बड़ा एक्शन, महिला के पास से 15.6 किलो सोना बरामद; कीमत करीब 25 करोड़ रुपये
नदिया: भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 किलो 607 ग्राम सोना जब्त किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 24 करोड़ 95 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में सीमा के पास संदिग्ध स्थिति में घूम रही एक महिला को हिरासत में लिया गया है।
गुप्त सूचना के बाद चलाया गया अभियान
बीएसएफ के सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई नदिया जिले के बानपुर सीमा क्षेत्र में की गई। 32वीं बटालियन के जवानों को सोने की तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके में विशेष अभियान चलाकर निगरानी बढ़ाई गई। काफी देर तक नजर रखने के बाद जवानों ने एक महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। उसे रोककर तलाशी लेने पर भारी मात्रा में सोना बरामद हुआ।
अब तक की बड़ी बरामदगी में शामिल
सीमा सुरक्षा बल इस बरामदगी को अब तक की बड़ी जब्तियों में से एक मान रहा है। हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतना सोना सीमा तक कैसे पहुंचा और इसे आगे किस व्यक्ति को सौंपा जाना था।
अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट से कनेक्शन की जांच
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि बरामद सोने के तार भारत-बांग्लादेश सीमा पर सक्रिय किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। महिला से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
सीमा पर निगरानी और गश्त बढ़ाई गई
बड़ी मात्रा में सोना पकड़े जाने के बाद बीएसएफ ने सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और गश्त और कड़ी कर दी है। सुरक्षा बल का लक्ष्य सीमा पार से होने वाली ऐसी तस्करी की कोशिशों को रोकना है। पूछताछ और शुरुआती कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए कृष्णगंज पुलिस को सौंपा जाएगा।





