पेट्रोल-डीजल के दाम कब होंगे सस्ते? हरदीप पुरी ने दिया जवाब, E20 विवाद पर भी साफ की सरकार की स्थिति

photo-9

नई दिल्ली: लगातार दो महीनों में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती के बाद अब लोगों की नजर पेट्रोल और डीजल के दामों पर है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान भारत में ईंधन की कीमतों में अपेक्षाकृत सीमित बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने में केंद्र सरकार की ओर से उत्पाद शुल्क में की गई कटौती को अहम बताया।

भारत में 4 फीसदी, पड़ोसी देशों में 40 फीसदी तक बढ़ी कीमत

एक कार्यक्रम के दौरान हरदीप पुरी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें काफी हद तक स्थिर रही हैं। उनके मुताबिक, समग्र तुलना में भारत में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी सीमित रही है।

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, फ्रांस और जर्मनी में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में करीब 24 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि पाकिस्तान और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में यह बढ़ोतरी 40 फीसदी तक पहुंची। इसके मुकाबले भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम में करीब 4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

उत्पाद शुल्क में कटौती को बताया बड़ी वजह

हरदीप पुरी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को अपेक्षाकृत नियंत्रित रखने में केंद्र सरकार की ओर से उत्पाद शुल्क में की गई कटौती को प्रमुख वजह बताया। उन्होंने कहा कि नवंबर 2021, अप्रैल 2024 और मार्च 2026 में केंद्र सरकार ने उत्पाद शुल्क में कटौती की थी।

उनके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद इन कदमों से घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिली।

E20 के विवाद पर भी बोले हरदीप पुरी

पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिश्रण यानी E20 को लेकर जारी बहस पर भी केंद्रीय मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर इस मुद्दे को विवाद का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।

हरदीप पुरी ने बताया कि देश में रोजाना करीब 6 से 7 करोड़ लोग पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाते हैं। उनके मुताबिक, 1.07 लाख पेट्रोल पंपों की जांच के दौरान केवल चार स्थानों पर ईंधन में मिलावट पाई गई। उन्होंने यह भी बताया कि तेल कंपनियां रोजाना 2,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर जांच कर रही हैं।

केंद्रीय मंत्री ने ईंधन में मिलावट की तुलना खाद्य पदार्थों में मिलावट और वायु प्रदूषण जैसे मामलों से करते हुए कहा कि व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बायोफ्यूल मिश्रण को बढ़ावा दे रही सरकार

हरदीप पुरी ने कहा कि देश में जैव ईंधन मिश्रण कार्यक्रम बेहतर तरीके से आगे बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने के साथ वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।

हालांकि, पेट्रोल और डीजल की कीमतें वास्तव में कब कम होंगी, इस सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कोई निश्चित तारीख नहीं बताई और न ही कीमतों में कटौती की घोषणा की। उनका जोर इस बात पर रहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के मुकाबले भारत में पिछले कुछ वर्षों के दौरान ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी सीमित रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र