रात में लगती है भूख? सोने से पहले खाएं ये 4 हेल्दी चीजें, वजन नियंत्रित रखने में मिल सकती है मदद

a-51

नई दिल्ली: बढ़ता वजन कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। हालांकि वजन कम करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। अनियमित जीवनशैली, जंक फूड का अधिक सेवन और देर रात तक जागने की आदत वजन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में देर रात लगने वाली भूख भी वजन घटाने की कोशिशों पर असर डाल सकती है। यदि आपको भी रात में खाने की इच्छा होती है, तो कुछ हल्के और पोषण से भरपूर विकल्प चुनकर भूख शांत की जा सकती है। इससे वजन नियंत्रित रखने में भी मदद मिल सकती है।

पीनट बटर और होल ग्रेन ब्रेड

यदि रात में भूख लगे तो एक से दो स्लाइस होल ग्रेन ब्रेड के साथ पीनट बटर का सेवन किया जा सकता है। यह शरीर को प्रोटीन उपलब्ध कराने के साथ मांसपेशियों की मरम्मत में मदद करता है। इसमें मौजूद ट्रिप्टोफैन और विटामिन बी अमीनो अम्ल के अवशोषण में सहायक माने जाते हैं। साथ ही यह मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाए रखने में भी मदद कर सकता है।

बादाम

रात में हल्की भूख लगने पर मुट्ठीभर बिना नमक वाले भुने या भीगे हुए बादाम एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। बादाम पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और इनमें कैलोरी अपेक्षाकृत कम होती है। इनका सेवन देर रात की अनावश्यक खाने की इच्छा को कम करने में सहायक माना जाता है।

दही

एक कटोरी दही भी रात के समय हल्के भोजन के रूप में लिया जा सकता है। दही में प्रोटीन अच्छी मात्रा में होता है, जबकि कैलोरी अपेक्षाकृत कम होती है। यह मांसपेशियों को पोषण देने के साथ पाचन तंत्र के लिए भी लाभकारी माना जाता है। कुछ शोधों के अनुसार, दही में मौजूद सूक्ष्म पोषक तत्व वजन नियंत्रित रखने में सहायक हो सकते हैं।

केला

अक्सर माना जाता है कि केला वजन बढ़ाता है, लेकिन संतुलित मात्रा में इसका सेवन वजन प्रबंधन में भी सहायक हो सकता है। केले में भरपूर फाइबर होता है, जिससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है। इसके अलावा इसमें मौजूद पोटैशियम और मैग्नीशियम मांसपेशियों को आराम देने में मदद करते हैं।

रात में खानपान का रखें ध्यान

वजन नियंत्रित रखने के लिए केवल सही खाद्य पदार्थों का चुनाव ही नहीं, बल्कि संतुलित मात्रा में उनका सेवन और नियमित दिनचर्या भी महत्वपूर्ण है। देर रात भारी, तले-भुने और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों से बचना वजन प्रबंधन के लिए बेहतर माना जाता है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र