पुलिस अकादमी में बवाल! महिला ट्रेनी अधिकारी ने साथी ट्रेनी IPS पर लगाए यौन उत्पीड़न, मारपीट और धमकी के गंभीर आरोप

Untitled-1-copy-294

हैदराबाद: सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी (SVPNPA) में एक महिला ट्रेनी अधिकारी की शिकायत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। महिला अधिकारी की शिकायत पर अत्तापुर पुलिस ने एक ट्रेनी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, मारपीट और धमकी सहित गंभीर आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान उदय कृष्णा रेड्डी के रूप में हुई है।

शिकायत के मुताबिक, कथित घटनाएं जून के अंतिम सप्ताह से शुरू हुईं और कई सप्ताह तक जारी रहीं। महिला अधिकारी का आरोप है कि आरोपी ने उसे आपत्तिजनक संदेश भेजे और अन्य ट्रेनी अधिकारियों के सामने उसके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कीं।

बिना सहमति वीडियो बनाने और ब्लैकमेल का भी आरोप

महिला ट्रेनी अधिकारी ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके साथ शारीरिक और यौन उत्पीड़न किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसकी सहमति के बिना एक निजी वीडियो रिकॉर्ड किया गया और कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से उसके पति को भेज दिया गया। इसके अलावा, आरोपी पर महिला की छवि खराब करने के लिए उसके बारे में झूठी और अपमानजनक बातें फैलाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत के आधार पर अत्तापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

FIR में 9 और 10 जुलाई की घटनाओं का उल्लेख

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 9 जुलाई की रात आरोपी ने उसे जबरन रोका और अपने कमरे में ले गया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके बाल पकड़कर मारपीट की, गला घोंटने की कोशिश की और कमरे से बाहर जाने से रोकते हुए उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान आरोपी ने उस पर कंडोम के तीन पैकेट फेंके। FIR के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर महिला को गलत तरीके से छुआ और उसके निजी अंगों को छूने की कोशिश भी की। महिला का यह भी आरोप है कि 10 जुलाई को आरोपी ने दोबारा उसके साथ मारपीट की।

शिकायत के बाद जांच शुरू, मामला चर्चा में

महिला ट्रेनी अधिकारी की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अकादमी में हलचल मच गई है। अत्तापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र